Sunday, April, 19,2026

SI भर्ती-2021 रद्द

जयपुर: राजस्थान में बहुचर्चित सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती-2021 को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद शनिवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। राजस्थान हाई कोर्ट की खंडपीठ ने एकलपीठ के फैसले को बरकरार रखते हुए पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया। इस फैसले से जहां हजारों चयनित अभ्यर्थियों के सपने टूट गए, वहीं लाखों युवाओं को नई परीक्षा के जरिए निष्पक्ष अवसर की उम्मीद जगी है।

अवकाश के दिन विशेष सुनवाई करते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने स्पष्ट कहा कि भर्ती प्रक्रिया गंभीर अनियमितताओं से ग्रस्त थी। अदालत ने अपने फैसले में माना कि पेपर लीक, डमी कैंडिडेट और संगठित नकल गिरोहों ने चयन प्रणाली की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म कर दी थी। ऐसे में केवल कुछ दोषियों को अलग कर प्रक्रिया जारी रखना न्यायसंगत नहीं हो सकता। खंडपीठ ने कहा कि जब भरोसा टूटे, तो पूरी प्रक्रिया खत्म करना ही न्याय है। राज्य सरकार ने अदालत में दलील दी कि गड़बड़ियां सीमित दायरे में थीं और दोषियों को अलग कर भर्ती बचाई जा सकती थी।

लेकिन याचिकाकर्ताओं ने तर्क रखा कि परीक्षा की निष्पक्षता पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है, इसलिए पूरी प्रक्रिया निरस्त कर नई भर्ती कराना ही उचित होगा। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष को सही ठहराया।

अभ्यर्थियों पर दोहरा असर

इस फैसले का सबसे बड़ा असर उन अभ्यर्थियों पर पड़ा है, जो चयनित होकर ट्रेनिंग तक पहुंच चुके थे। उनकी नियुक्तियां अब निरस्त मानी जाएंगी। दूसरी ओर, वे अभ्यर्थी जिन्हें पहले मौका नहीं मिला था, अब नई भर्ती की संभावना से राहत महसूस कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है। हालांकि, फिलहाल हाई कोर्ट के निर्णय ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह शून्य कर दिया है।

SI भर्ती-2025 पर नहीं पड़ेगा असर

महत्वपूर्ण बात यह है कि 5 और 6 अप्रैल को प्रस्तावित SI भर्ती-2025 परीक्षा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। सुप्रीम कोर्ट ने भी स्पष्ट कर दिया है कि अंतिम समय में बड़े बदलाव संभव नहीं हैं और केवल सीमित संख्या में पात्र अभ्यर्थियों को ही राहत दी गई है।

SI भर्ती-2021: एक नजर में पूरी प्रक्रिया

राजस्थान SI भर्ती-2021 की प्रक्रिया 3 फरवरी 2021 को 859 पदों के लिए जारी विज्ञप्ति से शुरू हुई। आवेदन की अंतिम तिथि 10 मार्च 2021 थी और करीब 3.97 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए। लिखित परीक्षा में 3.83 लाख उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से 20,359 सफल रहे। फरवरी 2022 में हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद 3,291 अभ्यर्थी आगे बढ़े। जनवरी से मई 2023 के बीच साक्षात्कार आयोजित हुए, जिसमें 3,094 उम्मीदवार सफल हुए। इसके बाद 1 जून 2023 को अंतिम परिणाम घोषित कर 859 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि अक्टूबर 2023 में 824 अभ्यर्थियों ने जॉइनिंग ली।

कार्रवाई का पूरा आंकड़ा

राजस्थान SI भर्ती-2021 घोटाले में अब तक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कुल 139 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है और सभी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं। वहीं 90 संदिग्ध अब भी फरार हैं, जिनमें 16 उपनिरीक्षक शामिल हैं। 30 आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में 64 प्रशिक्षु और 6 चयनित उपनिरीक्षक भी गिरफ्तार किए गए हैं। 29 सरकारी कर्मचारी गिरफ्त में आए, जबकि 5 अब भी वांछित हैं। 118 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। कार्रवाई के तहत 54 को बर्खास्त और 10 को निलंबित किया गया है, जिससे घोटाले की व्यापकता उजागर होती है।

 

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery