Monday, August, 11,2025

कांग्रेस ने नए जिलों के अध्यक्षों का पैनल भेजा, पुराने भी बदलेंगे

जयपुर: पंचायती राज और निकाय चुनावों से पहले भाजपा और कांग्रेस संगठनों को मजबूत करने में लगी हैं। सत्ताधारी पार्टी भाजपा अपने सभी जिलों में जिलाध्यक्ष नियुक्त कर चुकी है, अब जिलों की कार्यकारिणी को लेकर एक्सरसाइज की जा रही है। वहीं, कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए नए जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति और करीब आधा दर्जन पुराने जिलों में जिलाध्यक्ष बदलने की दिशा में काम कर रही है। नए जिलों के लिए कांग्रेस ने तीन-तीन नामों के पैनल एआईसीसी को भेजे हैं, जिन पर जल्द मुहर लगने वाली है। इसको लेकर पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि संगठन के लिहाज से कुछ जिलों से अलग नए जिले बने हैं। उन जिलों में जिलाध्यक्ष और कार्यकारिणी का गठन होना है, इसलिए जल्दी ही पार्टी हाईकमान से चर्चा करके जिलाध्यक्ष घोषित करवाएंगे।

पीसीसी पर्यवेक्षकों से फीडबैक लेकर पैनल बनाया

कांग्रेस में मंडल, बूथ, ब्लॉक और नगर अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब नवगठित जिलों में भी जल्द ही नए जिलाध्यक्षों की घोषणा होने वाली है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से जयपुर ग्रामीण पश्चिम, डीग, बालोतरा, नीमकाथाना, ब्यावर, सलूंबर, भीलवाड़ा ग्रामीण और जोधपुर ग्रामीण पश्चिम जैसे नए जिलों में अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। इन जिलों के लिए तीन-तीन नामों के पैनल तैयार कर फीडबैक सहित पार्टी हाईकमान को भेज दिए गए हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार फीडबैक स्थानीय नेताओं और पीसीसी पर्यवेक्षकों से जुटाया गया है। पहले संभावना थी कि राहुल गांधी का गुजरात मॉडल राजस्थान में भी लागू होगा, लेकिन प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस मजबूत प्रदेशों में यह मॉडल नहीं अपनाएगी। ऐसे में राजस्थान में जिलाध्यक्ष तय करने का अधिकार प्रदेश कांग्रेस को दिया गया है। इसी के तहत पूर्व से निर्धारित जिले अजमेर शहर, बाड़मेर, अजमेर ग्रामीण, नागौर और बाड़मेर में भी कार्यकारी जिलाध्यक्षों की जगह नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे।

भाजपा की सभी जिलों में कार्यकारिणी इसी सप्ताह

भाजपा भी राजस्थान में संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा देने के लिए सक्रिय हो गई है। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पूरी होने के बाद अब कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पौधरोपण जैसे सामाजिक अभियानों के जरिए पार्टी जनसंपर्क को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। राजस्थान में भाजपा संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी जिलाध्यक्षों को कार्यकारिणी गठन के स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राठौड़ ने बताया कि सभी जिलों में अब जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के भीतर लगभग सभी जिलों की कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने जिलाध्यक्षों को निर्देशित किया कि कार्यकारिणी में युवा और नए चेहरों को मौका दिया जाए, जिससे संगठन में ऊर्जा और नया दृष्टिकोण आए।

जोधपुर स्टेशन होगा अत्याधुनिक, यात्रियों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं

प्रदेश के जोधपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है। 474 करोड़ रुपए की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यह स्टेशन मारवाड़ी कला और आधुनिक तकनीक का संगम बनेगा। पूरा होने पर स्टेशन लगभग 92 हजार यात्रियों की दैनिक क्षमता के अनुसार अत्याधुनिक सुविधाएं देगा। मुख्य प्रवेश पर चार मंजिला और द्वितीय प्रवेश पर तीन मंजिला बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। 72 मीटर चौड़े एयर कॉनकोर्स में कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, वाणिज्यिक दुकानें, पर्यटक सूचना केंद्र और वेटिंग हॉल जैसी सुविधाएं होंगी। 35 लिफ्ट और 16 एस्केलेटर से प्लेटफार्मों पर आवागमन सुगम होगा। राई का बाग और भगत की कोठी साइड पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी चल रहा है। लगभग 39,000 वर्ग मीटर में पार्किंग सुविधा विकसित की जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि महाप्रबंधक अमिताभके निर्देशानुसार जोधपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाई गई है।

युवा प्रतिभाएं राष्ट्र की नींव: गोपाल शर्मा

धाणका युवा संगठन, जयपुर की ओर से रविवार को प्रथम बाल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन कटेवा नगर स्थित सभा भवन में किया गया। मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने 12 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। शर्मा ने कहा कि युवा प्रतिभाएं राष्ट्र की मजबूत नींव होती हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन मिलने पर वे देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने धाणका समाज के छात्रावास के लिए भूमि दिलाने का आश्वासन भी दिया।

कविता संग्रह 'अनकहे अहसास' का विमोचन

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और समाजसेवी किशन राठी के 75वें जन्मदिन पर उनके कविता संग्रह 'अनकहे अहसास' का विमोचन रविवार को बियानी कॉलेज सभागार में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा थे, जबकि आयोजन अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। शर्मा ने कहा कि यह काव्य संग्रह पारिवारिक मूल्यों, गुरु-देव-पितृ ऋण और सामाजिक समरसता को दर्शाता है। समारोह में कविता पाठ का आयोजन भी हुआ, जिसमें राठी की कविताओं ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। डॉ. रिद्धि राठी ने राठी के सामाजिक और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बियानी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. राजीव बियानी, शांतिलाल जगेटिया सहित राठी परिवार तथा अनेक साहित्य प्रेमी मौजूद थे।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery