Sunday, June, 14,2026

थानाप्रभारी समेत 9 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज... निलम्बित

जयपुर: खो नागोरियान थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी में आठ लोगों की मौत के बाद जयपुर पुलिस की कार्यप्रणाली कठघरे में आ गई है। मंगलवार को हुए हादसे के बाद बुधवार को पहले पुलिस ने केवल दो कर्मियों पर कार्रवाई कर मामले को सीमित रखने की कोशिश की, लेकिन शाम होते-होते पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के सख्त रुख ने पूरे थाने की जवाबदेही तय कर दी। प्रारंभिक जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने पर थानाप्रभारी ओमप्रकाश मातवा समेत कुल नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। दिन में डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने प्रेस वार्ता में केवल बीट अधिकारी एएसआई अमर सिंह और हेड कांस्टेबल पप्पूराम के निलंबन की जानकारी दी थी। इसके कुछ घंटों बाद पुलिस आयुक्त ने मामले की समीक्षा की और थानाप्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई कर दी। निलंबित कर्मियों में हेड कांस्टेबल अशोक तथा कांस्टेबल रामावतार, दिनेश, आसिफ, हरेंद्र और अशोक शामिल हैं।

एक किलोमीटर में तीन फैक्ट्रियां, पुलिस को भनक तक नहीं?

लोगों के अनुसार घटना स्थल के आसपास एक किलोमीटर के दायरे में पिछले आठ वर्षों से तीन अवैध पटाखा फैक्ट्रियां संचालित हो रही थीं। यदि यह तथ्य सही है तो मामला केवल लापरवाही का नहीं बल्कि संभावित संरक्षण और मिलीभगत का भी माना जा रहा है।

पूरे शहर में विशेष अभियान के निर्देश

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अजय सिंह को विस्तृत जांच सौंपी है। साथ ही कमिश्नरेट के सभी जिलों में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक भंडारण स्थलों और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो क्या आठ लोगों की जान बचाई जा सकती थी? और क्या केवल निलंबन से इस त्रासदी के लिए न्याय सुनिश्चित हो पाएगा?

सिर्फ निलंबन नहीं, FIR की भी मांग

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जांच में यह साबित होता है कि संबंधित अधिकारियों को अवैध विस्फोटक गतिविधियों की जानकारी थी और उन्होंने कार्रवाई नहीं की, तो उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 सहित अन्य गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। आठ लोगों की मौत के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की आपराधिक जवाबदेही तय करने की मांग भी तेज हो गई है।

गोदामों से मिला भारी विस्फोटक

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच फैक्ट्री-गोदाम सीज किए हैं। इनमें से तीन स्थानों से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। बरामद सामग्री की प्रकृति और क्षमता का परीक्षण एफएसएल की मदद से कराया जा रहा है।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery