Thursday, April, 30,2026

वफादारी को मिले सियासी नियुक्ति, अवसरवादी को नहीं

जयपुर: भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बूथ अध्यक्षों को वरिष्ठ नेताओं के साथ मंच पर स्थान देकर संगठन ने कार्यकर्ता सर्वोपरि का संदेश दिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दल बदलने वाले नेताओं पर चिंता जताते हुए पार्टी को सतर्क रहने की नसीहत दी। राजे ने कहा कि पार्टी को सबसे बड़ा खतरा उन लोगों से है, जो स्वार्थ के लिए दल बदलते हैं और संगठन की विचारधारा के प्रति निष्ठावान नहीं होते।

उन्होंने कहा कि कई ऐसे लोग होते हैं जो दल तो बदल लेते हैं, लेकिन उनका दिल और मानसिकता नहीं बदलती। ऐसे लोग सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए काम करते हैं। पार्टी की मूल भावना से उनका कोई जुड़ाव नहीं होता। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नियुक्तियां और दायित्व केवल उन कार्यकर्ताओं को मिलने चाहिए, जिनकी संगठन के प्रति निष्ठा है। मूल विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को हर समय सम्मान मिलना चाहिए। संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, न कि वे लोग जो केवल अपने हितों के लिए पार्टी का उपयोग करते हैं।

सत्ता और संगठन में मूल कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता

राजे ने सरकार और संगठन दोनों को नसीहत देते हुए कहा कि मूल कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पद के लिए काम नहीं करना चाहिए, बल्कि काम करने से पद अपने आप आएगा। पार्टी को अपनी मां मानिए। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा की भी यादें साझा कीं। राजे ने बताया कि राजमाता विजयाराजे सिंथिया की आज्ञा पर उन्होंने पहला चुनाव लड़ा था, जिसमें बीजेपी केवल दो सीटें जीत पाई थी। उन्होंने इंदिरा गांधी की मृत्यु के बाद सहानुभूति लहर का जिक्र भी किया। राजे ने राजमाता की तपस्या का जिक्र किया। उन्होंने भैरों सिंह शेखावत, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं के योगदान को भी याद किया। राजे ने कहा कि नरेंद्र मोदी दीपक की तरह उजाला फैला रहे है और उनके नेतृत्व में भारत सुरक्षित है।

आज भी विपक्ष BJP नेतृत्व की कर रहा सराहनाः तिवाड़ी

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा की जड़ें जनसंघ से जुड़ी हैं। उन्होंने 'एक राष्ट्र, एक जन, एक संस्कृति' को पार्टी की मूल पहचान बताया। तिवाड़ी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के पत्रों का जिक्र किया और कहा कि आज भी विपक्ष भाजपा के नेतृत्व की सराहना कर रहा है। उन्होंने वसुंधरा राजे के भाजपा में शामिल होने का किस्सा भी सुनाया। तिवाड़ी ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी ने धौलपुर पैलेस में वसुंधरा राजे को पार्टी में शामिल करवाया था। तिवाड़ी ने कहा कि समर अभी शेष है। कश्मीर फाइल्स देखी है सबने, किस तरह लव जेहाद हो रहा है। लैंड जेहाद हो रहा, हमारे बीच से जासूस पकड़े जा रहे हैं। हमें इस षड्यंत्र को रोकना है।

पार्टी वट वृक्ष बन चुकी है: राठौड़

'भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आधी रोटी खाकर पार्टी को सींचा गया है। उन्होंने वसुंधरा राजे की महलों में पली-बढ़ी होने और राजमाता की जेल यात्रा का जिक्र करते हुए पार्टी की तपस्या पर भावुक होकर बात की। राठौड़ ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय को हटाने का षडयंत्र रचा गया था, लेकिन आज कांग्रेस के कई नेता भाजपा के नेतृत्व की प्रशंसा कर रहे हैं।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम में जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ता चमन लाल तंवर, श्रीराम खंडेलवाल, छतुमल और बनवारी लाल दुसाद का साफा पहना व शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मंत्री किरोड़ी मीणा ने आपातकाल के दौरान सही यातनाओं का जिक्र करते हुए राष्ट्र को सर्वोपरि बताया। इस मौके पर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, रामावतार बैरवा व महेंद्र पाल मीणा सहित अन्य कई नेता मौजूद रहे।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery