Thursday, January, 29,2026

सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क होगा मजबूत... तेजी से पहुंचेगी सेना

लेह: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लेह से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की हाल में पूर्ण हुई लद्दाख की रणनीतिक महत्व की 'कट एंड कवर' श्योक सुरंग समेत 125 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया और इन्हें भारत के सीमावर्ती बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का एक प्रभावी उदाहरण बताया। यह सुरंग भूस्खलन और हिमस्खलन से प्रभावित इलाकों में भी बिना रुकावट आवाजाही सुनिश्चित करती है। जो सेना की जरूरत के लिहाज से भी बेहद अहम है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इन परियोजनाओं का निर्माण 5,000 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है।

इस अवसर पर सिंह ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बल और भी बहुत कुछ कर सकते थे, लेकिन उन्होंने जानबूझकर संयमित और संतुलित प्रतिक्रिया का विकल्प चुना। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने भारतीय सेना की क्षमता और अनुशासन को रेखांकित किया, जिन्होंने बिना तनाव बढ़ाए आतंकी खतरों को बेअसर कर दिया।

राजस्थान समेत 7 राज्यों व दो केंद्र शासित प्रदेशों में फैली हैं ये परियोजनाएं

ये परियोजनाएं लद्दाख और जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेशों तथा अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और मिजोरम में फैली हुई है। इनमें 28 सड़कें, 93 पुल और चार अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।

कनेक्टिविटी-सुरक्षा को बना रही है प्रभावी

रक्षा मंत्री सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर मजबूत कनेक्टिविटी के कारण ही संभव हो पाया। सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुरक्षा को कई तरह से बदल रही है और सैनिकों को दुर्गम इलाकों में अधिक प्रभावी ढंग से काम करने में सक्षम बना रही है। उन्होंने कहा कि आज, हमारे सैनिक दुर्गम इलाकों में मजबूती से खड़े हैं क्योंकि उनके पास सड़कें, वास्तविक समय की संचार प्रणाली, उपग्रह सहायता, निगरानी नेटवर्क और रसद कनेक्टिविटी उपलब्ध है।

कहां स्थित है श्योक सुरंग

श्योक सुरंग पूर्वी लद्दाख में श्योक नदी क्षेत्र के पास बनाई गई है। यह 322 किलोमीटर लंबी DS-DBO रोड का हिस्सा है, जो भारतीय सेना की सबसे रणनीतिक सप्लाई लाइनों में से एक है।

क्यों अहम है श्योक सुरंग

  • दुर्गम इलाके दारबुक-श्योक-दौलत बेग ओल्डी रोड पर है स्थित
  • कट-एंड-कवर तकनीक से बनाई गई है 982 मीटर लंबी श्योक सुरंग
  • यह सड़क के उस हिस्से को बाइपास करती है जो लगातार एवलांच, लैंडस्लाइड और बाढ़ के खतरे में रहता है
  • हर मौसम में कनेक्टिविटी प्रदान करेगी
  • वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सैन्य पहुंच होगी आसान
  • गतिशीलता, रसद वितरण और त्वरित तैनाती क्षमता को बढ़ाएगी।

श्योक सुरंग है इंजीनियरिंग का चमत्कार

रक्षा मंत्री ने रेखांकित किया कि लद्दाख में दारबुक श्योक-दौलत बेग ओल्डी रोड पर निर्मित 920 मीटर लंबी श्योक सुरंग एक इंजीनियरिंग चमत्कार है, जो दुनिया के सबसे दुर्गम सैन्य इलाकों में से एक को हर मौसम में कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। श्योक सुरंग विशेष रूप से भारी बर्फबारी और हिमस्खलन से प्रभावित कठोर सर्दियों के दौरान गतिशीलता, रसद वितरण और त्वरित तैनाती क्षमता को तेजी से बढ़ाएगी।

रक्षा मंत्री ने की बीआरओ की प्रशंसा

सिंह ने परियोजनाओं को लगातार समय से पहले पूरा करने और सरकार के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप नयी तकनीकों को अपनाने के लिए बीआरओ की प्रशंसा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मजबूत सीमा संपर्क न केवल सुरक्षा को मजबूत करता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को भी स्थिर करता है, आपदा प्रतिक्रिया को बढ़ाता है-जैसा कि जम्मू कश्मीर के चासोई में बादल फटने के बाद बचाव कार्यों के दौरान देखा गया। साथ ही यह और दूरदराज के क्षेत्रों में शासन में लोगों का विश्वास मजबूत करता है।

पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों के प्रति आभार जताया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अडिग साहस से काम करने के लिए रविवार को सशस्त्र बलों के प्रति गहरा आभार जताया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, सशस्त्र बल झंडा दिवस पर, हम अडिग साहस के साथ हमारे राष्ट्र की रक्षा करने वाले साहसी पुरुषों और महिलाओं के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री ने सशस्त्र बल झंडा दिवस कोष में भी योगदान दिया।

 

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery