Wednesday, October, 28,2026

AI पकड़ेगा नुकसान, बैटरी से पीक आवर्स में मिलेगी बिजली

जयपुर: बिजली कहां और क्यों बर्बाद हो रही है, किस इलाके में सप्लाई की खामियां हैं और शाम-रात के पीक आवर्स में मांग के मुताबिक बिजली कैसे मिलेगी इन चुनौतियों से निपटने के लिए राजस्थान में तकनीक आधारित व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। स्मार्ट मीटर के डेटा का विश्लेषण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमेशन से वितरण तंत्र की निगरानी बेहतर बनाने की तैयारी है। बिजली वितरण में छीजत कम करने, सप्लाई की निगरानी बेहतर बनाने और डिस्कॉम्स को घाटे से निकालने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), स्मार्ट मीटर के डेटा विश्लेषण और डिजिटल इंटेलिजेंस पर जोर रहेगा। वहीं, दिन में सौर ऊर्जा से पैदा होने वाली अतिरिक्त बिजली को बैटरी में स्टोर कर शाम और रात के पीक आवर्स में इस्तेमाल करने की तैयारी है। बिजली वितरण व्यवस्था को तकनीक आधारित और उपभोक्ता केंद्रित बनाने के इन उपायों पर मंगलवार को जयपुर में विद्युत वितरण निगमों की 10वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 'डिस्ट्रीब्यूशन
यूटिलिटी मीट-2026' में मंथन शुरू हुआ।

राजस्थान पहली बार इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी कर रहा है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि वितरण निगमों को वित्तीय रूप से मजबूत, तकनीकी रूप से सक्षम और उपभोक्ता केंद्रित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। स्मार्ट मीटरिंग, डेटा एनालिटिक्स, एआई और ऑटोमेशन से बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता, दक्षता और विश्वसनीयता बढ़ाई जा सकती है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने ऊर्जा क्षेत्र सुधार 2.0 के तहत डिजिटल तकनीक, एआई और नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ राजस्थान को पावर सरप्लस राज्य बनाना भी लक्ष्य है।

जयपुर डिस्कॉम 931 करोड़ रुपए के मुनाफे में

वित्तीय सुधारों के मोर्चे पर जयपुर डिस्कॉम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 931 करोड़ रुपए का लाभ अर्जित किया। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अजमेर डिस्कॉम के बाद जयपुर डिस्कॉम के मुनाफे में आने को सकारात्मक बताया। शिकायतों के त्वरित निस्तारण और समाधान से संतुष्टि का स्तर 82 प्रतिशत रहने पर भी उन्होंने जयपुर डिस्कॉम की सराहना की। सम्मेलन में एटीएंडसी हानियों में कमी, वित्तीय प्रबंधन और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के उपायों पर चर्चा की जा रही है। सम्मेलन में स्मार्ट मीटर से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण कर बिजली खपत के पैटर्न को समझने, वितरण तंत्र की खामियों की पहचान करने और मांग का पूर्वानुमान लगाने पर चर्चा हो रही है। एआई टूल्स और ऑटोमेशन से निगरानी तथा संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की संभावनाएं भी तलाशेंगी। डिजिटल व्यवस्था के विस्तार के साथ साइबर सुरक्षा और उपभोक्ता डेटा की सुरक्षा भी अहम मुद्दा रहेगा।

देशभर के डिस्कॉम साझा करेंगे नवाचार

ऊर्जा विभाग और इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में वित्तीय परिवर्तन, डिजिटल इंटेलिजेंस, स्मार्ट मीटर डेटा विश्लेषण, एआई टूल्स, साइबर सुरक्षा, ग्रिड आधुनिकीकरण, ऊर्जा भंडारण और शून्य कार्बन उत्सर्जन जैसे विषयों पर सत्र रखे गए हैं। ऊर्जा विभाग की शासन सचिव आरती डोगरा ने स्वागत उद्बोधन दिया। इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम के अध्यक्ष रेजी कुमार पिल्लई ने वितरण निगमों को सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई। उ‌द्घाटन सत्र को केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के चेयरपर्सन घनश्याम प्रसाद, एमपीसीएल के एमडी प्रेम कुमार, एआईडीए के महानिदेशक आलोक कुमार, पावर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के महानिदेशक आरके त्यागी, जीयूवीएनएल की एमडी शालिनी अग्रवाल और इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम की सीईओ रीना सूरी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के सफल प्रयोगों और कार्य प्रणालियों को साझा कर बिजली वितरण की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करना है।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery