Monday, September, 28,2026

'छोटे बाबू' बने जयपुर के मेयर... संभाली कमान

जयपुर: जयपुर नगर निगम को शुक्रवार को नया महापौर मिल गया। भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की सुनीता मावर को हराकर मेयर की कुर्सी संभाली। पदभार संभालते ही कोठारी ने शुरुआती एक महीने का सड़क-सफाई, सीवरेज और परकोटे की विरासत को सहेजने का एजेंडा तय कर दिया। 'छोटे बाबू' के नाम से पहचाने जाने वाले कोठारी का कहना है कि शहर की उधड़ी सड़कों और सफाई व्यवस्था की समीक्षा कराई जाएगी, जहां कमी मिलेगी, वहां सुधार के कदम उठाए जाएंगे। जरूरत पड़ी तो सरकार से अतिरिक्त संसाधन लिए जाएंगे। उनका पुराने जयपुर में मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव पर फोकस रहेगा, जबकि नए और बाहरी इलाकों में सड़क, सीवर और लाइटिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

जयपुर की जिम्मेदारी, विरासत और विकास पर फोकस

नव निर्वाचित मेयर सुनील कोठारी ने कहा कि सवाई जयसिंह द्वितीय ने जिस गौरव के साथ जयपुर बसाया, उस विरासत को आगे ले जाना जरूरी है। उन्होंने सवाई जयसिंह द्वितीय और जयपुर के वास्तुकार विद्याधर भट्टाचार्य की प्रतिमाएं किसी प्रमुख स्थान पर साथ लगाने की इच्छा भी जताई है। परकोटे की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखना उन्होंने महापौर की नैतिक जिम्मेदारी बताया। अतिक्रमण पर उनका रुख फिलहाल पहले आग्रह और समझाइश का है। इसके बाद जरूरत पड़ने पर सख्ती की बात कही है।

कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाया आरोप

परिणाम के बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर ने भाजपा पर सत्ता और धनबल के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उनका दावा था कि पार्षदों को करीब 15 दिन तक बाड़ेबंदी में रखा गया और दबाव बनाया गया। मावर ने आरोप लगाया कि भाजपा को मिला बहुमत स्वाभाविक समर्थन नहीं था, बल्कि दबाव के जरिए हासिल किया गया। कोठारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग नहीं किया और पार्टी को जनता के विश्वास से बहुमत मिला है।

उपमहापौर का चुनाव आज

अब शनिवार को उपमहापौर का चुनाव होगा। यानी मेयर की कुर्सी संभालने के अगले ही दिन निगम में नई सत्ता-व्यवस्था की अगली कड़ी तय होगी।

गोविंद देवजी और गणेशजी के दर्शनों के बाद संभाला पदभार

जीत के बाद नए मेयर सुनील कोठारी ने नगर निगम पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान सांसद मंजू शर्मा, भाजपा विधायक कालीचरण सर्राफ, गोपाल शर्मा, कैलाश वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी और पूर्व मेयर सौम्या गुर्जर समेत भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदभार से पहले कोठारी ने मोती डूंगरी गणेशजी और गोविंद देवजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

'150 पार्षदों को साथ लेकर चलेंगे'... लेकिन शुरुआत में ही विपक्ष आमने-सामने

नए मेयर सुनील कोठारी ने कहा कि चुनाव खत्म हो चुका है और अब सभी 150 पार्षदों को साथ लेकर जयपुर के विकास पर काम किया जाएगा। कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद भी इस प्रक्रिया का हिस्सा होंगे, लेकिन मेयर की नई पारी की शुरुआत ही निगम की दहलीज पर सियासी टकराव से हुई। मतदान के दौरान कांग्रेस विधायक रफीक खान को निगम परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद वे किशनपोल विधायक अमीन कागजी और कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा के साथ निगम गेट पर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने प्रवेश व्यवस्था और परिसर में भाजपा नेताओं की मौजूदगी को लेकर विरोध जताया और धरने पर बैठ गए। कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमीन कागजी ने कहा कि निगम परिसर में कौन-कौन गया, इसकी रिकॉर्डिंग जांची जानी चाहिए। मतदान के दौरान भाजपा विधायक गौपाल शर्मा मतदान कक्ष की और बढ़े तो कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने उन्हें रोक दिया। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध भी किया। बाद में समझाइश के बाद उन्हें बाहर ले जाया गया।

भाजपा नेताओं की मौजूदगी पर आपत्ति

कांग्रेस ने भाजपा नेता रवि नैय्यर और पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता की निगम परिसर में मौजूदगी पर आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि उनके नेताओं और समर्थकों के प्रवेश पर रोक थी, जबकि भाजपा से जुड़े नेता परिसर में मौजूद थे। कांग्रेस पार्षदों ने दोनों को बाहर भेजने की मांग की। विवाद के चलते कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ। प्रशासन की समझाइश के बाद रवि नैयर और मोहनलाल गुप्ता समेत कुछ अन्य लोगों को परिसर से बाहर भेजा गया।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery