Friday, September, 25,2026

जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन, 90 प्रचार रथ पंचायतों में होंगे रवाना

जयपुर: नगर निकाय चुनाव के बाद भाजपा अब गांवों की ओर संगठन का फोकस मोड़ रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार रात जयपुर पहुंच चुके हैं और शुक्रवार को उनका पूरा कार्यक्रम इसी बदले हुए संगठनात्मक एजेंडे की झलक होगा। दादिया में निकाय जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन से लेकर 90 प्रचार रथों को पंचायतों के लिए रवाना करने, सांसद-विधायकों से बैठक और युवाओं से संवाद तक नवीन एक ही दिन में संगठन के अलग-अलग स्तरों को साधेंगे। दादिया का कार्यक्रम आगामी पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों से जोड़ा जा रहा है। नवीन गुरुवार देर रात जयपुर पहुंचे और एमएनआईटी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार सुबह अल्बर्ट हॉल से उनका कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी। निकाय चुनाव के बाद यह बैठक संगठन को मिले फीडबैक और अगले चरण की तैयारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

CM ने पहले ही संभाली तैयारियों की कमान

नवीन के दौरे से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक कर दादिया समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने समारोह स्थल पर पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग, बैरिकेडिंग और साइनेज की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने तथा कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आमजन को सभा स्थल तक पहुंचने और कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी गुरुवार को दादिया पहुंचकर सभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया।

41 जिलों से भीड़ जुटाने की तैयारी

दादिया सम्मेलन को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। कार्यक्रम के लिए प्रदेश के 41 जिलों से 1502 बसों के जरिए करीब 75,100 लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। जयपुर से 200 बसों में करीब 10 हजार लोगों को लाने की योजना है। अजमेर और अलवर से 100-100, टोंक, दौसा और भरतपुर से 60-60 तथा सीकर और पाली से 50-50 बसों का लक्ष्य है। जैसलमेर से पांच बसों में 250 लोगों को लाने की योजना बताई गई है। यानी दादिया का मंच केवल जयंती कार्यक्रम नहीं रहेगा। यहां निकाय चुनाव के बाद सक्रिय हुए संगठन को अगले चुनावी चक्र की ग्रामीण जमीन तक ले जाने का संदेश भी दिया जाएगा।

सीएम ने दादिया पहुंच कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार रात दादिया पहुंचकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन की उपस्थिति में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सभा स्थल का अवलोकन करते हुए आयोजन स्थल पर आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात व सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ भी मौजूद रहे। नवीन शुक्रवार को दादिया में पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर 'सेवा संकल्प समारोह' में शामिल होंगे। साथ ही, वे जयपुर स्थित अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम एवं बिड़ला ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

शाम की बैठक में संगठन की अगली रणनीति

उपलब्ध कार्यक्रम में शाम को प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक भी प्रस्तावित की गई थी। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि भाजपा ने निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियों पर फोकस बढ़ाया है। इसी बीच राजस्थान संगठन में भी बदलाव हुआ है और संजय भाटिया को नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह बदलाव पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच हुआ है।
भाटिया भी गुरुवार को जयपुर पहुंच गए हैं।

दादिया से पंचायतों तक जाएगा सरकार का संदेश

सबसे बड़ा राजनीतिक संगठनात्मक कार्यक्रम शुक्रवार को दादिया में होगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर आयोजित सेवा संकल्प समारोह एवं निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संबोधित करेंगे। हाल में हुए निकाय चुनाव में निर्वाचित भाजपा जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें संगठन और जनसेवा का संदेश दिया जाएगा। इसी मंच से 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर पंचायतों की ओर रवाना करने की तैयारी है। इन रथों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पंचायत स्तर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। पार्टी की ओर से इसे पंचायत चुनाव की तैयारियों की शुरुआत के तौर पर पेश किया जा रहा है।

एक दिन में जनभागीदारी से संगठन तक पूरा फोकस

नवीन के शुक्रवार के कार्यक्रम का क्रम भी भाजपा के मौजूदा संगठनात्मक फोकस को दिखाता है-सुबह स्वच्छता अभियान, फिर सांसद-विधायकों के साथ बैठक, दादिया में निकाय जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन, पंचायतों के लिए प्रचार रथ और उसके बाद युवाओं से संवाद। निकाय चुनाव के बाद अब भाजपा के सामने पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की अगली चुनौती है। दादिया से 90 प्रचार रथों का रवाना होना इसी दिशा में पार्टी का पहला बड़ा सार्वजनिक संकेत होगा।

नवीन का कार्यक्रम

  • सुबह 7.30 बजे अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता कार्यक्रम।
  • सुबह 10 से 11 बजे मुख्यमंत्री आवास पर सांसदों व विधायकों के साथ बैठक।
  • दोपहर 12.30 बजे दादिया में निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन व दीनदयाल जयंती समारोह।
  • दादिया से 90 प्रचार रथ पंचायतों के लिए रवाना होंगे।
  • दोपहर करीब 3 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम। इसके बाद में दिल्ली के लिए प्रस्थान का प्रस्तावित कार्यक्रम है।
  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery