Thursday, November, 19,2026

राजस्थान में 14,403 ग्राम पंचायतों में चार चरणों में पूरी हुई सरपंच, पंच और उपसरपंच चुनाव की प्रक्रिया

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में राजस्थान ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश की 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच, वार्ड पंच और उपसरपंच के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार को चतुर्थ एवं अंतिम चरण के साथ पूरी हो गई। राज्य निर्वाचन आयोग ने चार चरणों में इतने बड़े चुनावी अभियान का संचालन कर ग्रामीण लोकतंत्र की नई सरकारों के गठन का रास्ता साफ किया है। प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के पुनर्गठन और परिसीमन के बाद बढ़े चुनावी दायरे को देखते हुए यह कवायद प्रशासनिक और प्रबंधन की दृष्टि से भी अहम रही।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' की अवधारणा को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई थी। इसी दिशा में राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव एकीकृत कार्यक्रम के तहत कराने की तैयारी की। मुख्यमंत्री ने दो अक्टूबर को पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों के संवाद कार्यक्रम में भी कहा था कि सरकार की 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' के प्रति प्रतिबद्धता पूरी हो रही है। इस चुनावी अभियान में 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया।

इस बार चुनाव का दायरा पिछले चुनावों की तुलना में काफी बड़ा था। वर्ष 2020-21 में प्रदेश में 33 जिला परिषदें, 352 पंचायत समितियां और 11,320 ग्राम पंचायतें थीं। परिसीमन और पुनर्गठन के बाद इनकी संख्या बढ़कर क्रमशः 41,457 और 14,403 हो गई। ऐसे में 4.03 करोड़ से अधिक मतदाताओं और 45,384 मतदान केंद्रों के लिए चुनावी व्यवस्था करना आयोग के सामने बड़ी चुनौती थी।

20 जिलों का दौरा कर खुद परखी व्यवस्थाएं

नहीं राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चुनाव प्रबंधन की निगरानी के लिए केवल मुख्यालय से दिशा-निर्देश जारी करने तक खुद को सीमित रखा। वे चुनाव अवधि में प्रदेश के 20 जिलों के दौरे पर रहे। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ चुनाव प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अनुसार प्रत्येक जिले में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, ऊर्जा और सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों, जिला प्रशासन, रिटर्निंग अधिकारियों, मतदान दलों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा प्रगणकों, ग्राम विकास अधिकारियो, पटवारियो, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्काउट-गाइड के बाल स्वयंसेवकों ने भी अपनी जिम्मेदारियां निभाई। मीडिया और सोशल मीडिया की सक्रिय भागीदारी को भी आयोग ने सराहा।

अंतिम चरण में 84.42 प्रतिशत मतदान

चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में 16 नवंबर को 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान हुआ। इस चरण में 84.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मंगलवार को इन पंचायतों में उपसरपंच के निर्वाचन के साथ यह प्रक्रिया भी पूरी हो गई। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चुनाव संपन्न होने पर प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि राजस्थान की शांतिप्रिय और अनुशासित जनता ने लोकतांत्रिक परंपराओं को कायम रखते हुए मतदान प्रक्रिया में सहयोग दिया। उन्होंने नवनिर्वाचित सरपंचों और उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में गांवों के सर्वांगीण विकास की संकल्पना साकार होगी। अब निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सामने गांवों को स्वच्छ, हरित, शिक्षित और विकसित बनाने की जिम्मेदारी होगी। इस तरह चुनावी प्रक्रिया के सफल संचालन के बाद अब ग्रामीण विकास के नए अध्याय की शुरुआत होगी।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery