Wednesday, November, 04,2026

कहीं मतदाताओं का जोश... कहीं गांवों का आक्रोश

जयपुर: प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को छिटपुट घटनाओं, चुनाव बहिष्कार और आपसी झड़पों के बीच संपन्न हुआ। 27 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों के लिए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोट डाले गए। कई क्षेत्रों में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया, वहीं परिसीमन के विरोध और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर कई गांवों में ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बनाए रखी। कुछ स्थानों पर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर मारपीट भी हुई। तीसरे चरण में जिला परिषदों के 377 वार्डों में 1305 प्रत्याशी और पंचायत समितियों के 2119 वाडों में 7789 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतदान प्रतिशत में बांसवाड़ा की नाहरपुरा पंचायत समिति 82.71 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रही, जबकि दौसा पंचायत समिति में सबसे कम 49.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, कई गांवों में ग्रामीणों ने परिसीमन और प्रशासनिक मांगों को लेकर मतदान का बहिष्कार किया।

दौसा के तीन गांवों, भरतपुर की बयाना पंचायत समिति के नगला सिंघाड़ा, डीग के कार्मा क्षेत्र के नगला किशोर सिंह और डीडवाना-कुचामन की परबतसर पंचायत समिति के डारापुरा में ग्रामीण वोट डालने नहीं पहुंचे। बारां के शाहबाद उपखंड स्थित आदिवासी क्षेत्र कछियाथाना में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर मतदान नहीं हुआ। करौली के टोड्पुरा गांव में रीठौली के ग्रामीणों ने अलग ग्राम पंचायत बनाने की मांग पर चुनाव का बहिष्कार किया। मतदान केंद्र संख्या 32 पर वार्ड 4, 5 और 6 के 1057 मतदाताओं में से एक भी वोट नहीं पड़ा। वहीं, केंद्र संख्या 31 पर वार्ड 3 के 331 मतदाताओं ने भी मतदान नहीं किया। 1388 मतदाताओं ने वोट नहीं डाला।

सांगानेर आगे... कोटखावदा पीछे

जयपुर की पांच पंचायत समितियों में कुल 72.60 प्रतिशत मतदान हुआ। सांगानेर में सर्वाधिक 79.86 प्रतिशत, माधोराजपुरा में 75.51, चाकसू में 72.99, फागी में 70.04 और कोटखावदा में सबसे कम 63.05 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

फर्जी मतदान के आरोपों पर लाठी-डंडे चलेः डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदान के आरोप लगाए। कहासुनी बढ़ने पर समर्थकों के बीच लाठी-डंडे चल गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

मतदान केंद्रों पर दो बुजुर्गों की मौत

दौसा जिले की पालावास ग्राम पंचायत में मतदान के लिए कतार में खड़े पाड़ली कलां निवासी 65 वर्षीय हरगोविंद गुर्जर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, ब्यावर जिले की जवाजा पंचायत समिति की रूढाना ग्राम पंचायत में मतदान के बाद बूथ से बाहर निकली 70 वर्षीय पुनी देवी की मौत हो गई।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery