Friday, June, 19,2026

भर्ती कैलेंडर होगा प्रभावित, नहीं हो पाएंगी कई बड़ी परीक्षाएं

जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) 2026 की आधिकारिक तिथियों की घोषणा कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार सीईटी सीनियर सेकेंडरी (12वीं स्तर) परीक्षा 23 से 25 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होगी, जबकि सीईटी ग्रेजुएशन लेवल परीक्षा 1 से 3 दिसंबर, 2026 तक विभिन्न चरणों में संपन्न होगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जून के आखिरी सप्ताह में शुरू होगी।

बोर्ड की ओर से तिथियां घोषित किए जाने के साथ ही अब राज्य के आगामी भर्ती कैलेंडर पर बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि सीईटी आधारित भर्तियों की प्रक्रिया इन परीक्षाओं के बाद ही आगे बढ़ेगी। सीईटी परीक्षा के शेड्यूल को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वर्ष 2026 में प्रस्तावित कई बड़ी भर्ती परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं हो पाएंगी। पुलिस, पटवार, ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ), एलडीसी सहित 19 से 23 प्रमुख भर्तियां सीईटी आधारित हैं। ऐसे में इन भर्तियों की प्रक्रिया सीईटी परीक्षा और उसके परिणामों के बाद ही आगे बढ़ेगी। इसी कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि कई भर्तियां अब वर्ष 2027 में शिफ्ट हो सकती हैं।

सीईटी प्रणाली में बड़े बदलाव लागू

बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि नई व्यवस्था के अनुसार सीईटी प्रणाली में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इसमें अब नेगेटिव मार्किंग लागू होगी, जिसके तहत गलत उत्तर पर एक तिहाई (1/3) अंक काटे जाएंगे। इसके अलावा सीईटी परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य रहेगा। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को इसमें नियमानुसार छूट मिल सकती है।

लाखों अभ्यर्थियों को करना होगा इंतजार

वर्ष 2024 के बाद से सीईटी (10+2 और ग्रेजुएशन लेवल) परीक्षाएं आयोजित नहीं हुई थीं, जिससे लाखों अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में थे। पुरानी सीईटी-2024 की वैधता फरवरी 2026 में समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद सीनियर सेकेंडरी स्तर के 9.17 लाख और स्नातक स्तर के 8.78 लाख अभ्यर्थियों की पात्रता प्रभावित हुई थी। अब नई परीक्षा तिथियों की घोषणा के बाद अभ्यर्थियों को राहत तो मिली है, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में देरी की संभावना ने चिंता भी बढ़ा दी है।

सीईटी सर्टिफिकेट की वैधता बढ़ी, तीन वर्ष तक होगा मान्य

नई व्यवस्था के तहत सीईटी प्रमाण पत्र की वैधता अवधि को बढ़ाकर तीन वर्ष कर दिया गया है। पहले यह अवधि एक वर्ष थी। इस बदलाव से अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अब एक बार परीक्षा पास करने के बाद लंबे समय तक कई भर्तियों में पात्रता बनी रहेगी।

भर्ती प्रक्रिया सीईटी पर आधारित, सिस्टम में किया बड़ा बदलाव

सीईटी अब राजस्थान की अधिकांश बड़ी भर्तियों का प्रवेश द्वार बन चुकी है। इसके तहत पास अभ्यर्थी ही पटवारी, वीडीओ, एलडीसी, उप जेलर, महिला पर्यवेक्षक, पुलिस कांस्टेबल, प्लाटून कमांडर और अन्य पदों के लिए पात्र होंगे। इस वजह से सीईटी का रिजल्ट सीधे राज्य की पूरी भर्ती प्रणाली की गति तय करेगा।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery