Sunday, June, 21,2026

इंटरनेशनल बॉडीज... साथ चलते हुए भी कितने दूर हैं हम

मैं यह रिपोर्ट दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन जैसे विश्वविख्यात अंतरराष्ट्रीय शहर की यात्रा के दौरान लिख रहा हूं। यहां के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मॉल, समुद्र तट, होटल और पर्यटन स्थलों पर मनुष्यों की एक निरंतर बहती हुई धारा दिखाई देती है। कोई अमेरिका से आया है, कोई एशिया से, कोई यूरोप से, तो कोई अफ्रीका के किसी दूरस्थ देश से। सब अलग-अलग भाषाएं बोलते हैं, अलग-अलग संस्कृतियों के प्रतिनिधि हैं और अपने-अपने इतिहास, परंपराएं तथा जीवन अनुभव अपने साथ लेकर चलते हैं। किन्तु इस भीड़ को देखते हुए मेरे मन में बार-बार एक ही शब्द उभरता है- 'इंटरनेशनल बॉडीज ।' मैं उन्हें बॉडीज इसलिए कहता हूं, क्योंकि इन अंतरराष्ट्रीय स्थलों पर मनुष्य प्रायः केवल गतिमान शरीरों के रूप में दिखाई देते हैं।

वे चलते हैं, रुकते हैं, खाते हैं, खरीदारी करते हैं, अपनी उड़ानों की प्रतीक्षा करते हैं, टैक्सी लेते हैं, होटलों में प्रवेश करते हैं और फिर अपनी-अपनी दिशाओं में आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन उनके बीच कोई रिश्ता नहीं बनता। एक ही लाउंज में बैठे लोग एक ही बुफे से भोजन लेते हैं, एक ही छत के नीचे घंटों प्रतीक्षा करते हैं, पर शायद ही कोई किसी से पूछता है कि वह कहां से आया है, कहां जा रहा है या उसकी यात्रा कैसी रही। कोई अपने अनुभव साझा नहीं करना चाहता, कोई किसी से अपेक्षा नहीं रखता, कोई किसी पर सहज विश्वास नहीं करता।

हर व्यक्ति अपनी दौड़ में लगा है। किसी को अपनी उड़ान पकड़नी है, किसी को अपने होटल पहुंचना है, कोई अपने मोबाइल फोन में डूबा हुआ है, कोई लैपटॉप पर काम कर रहा है, तो कोई चुपचाप अगली फ्लाइट की प्रतीक्षा कर रहा है। वे एक-दूसरे के निकट होते हुए भी एक-दूसरे के जीवन से पूरी तरह अनभिज्ञ रहते हैं।

अंतरराष्ट्रीय शहरों में भी यही दृश्य दिखाई देता है। मॉलों, होटलों, समुद्र तटों और पर्यटन स्थलों पर दुनिया के अनेक देशों, अनेक महाद्वीपों और अनेक सभ्यताओं के लोग मिलते हैं। कोई अपने पहनावे से अपनी पहचान व्यक्त करता है, कोई अपने शरीर पर बने टैटू से, कोई अपनी दाढ़ी, अपने आभूषण या अपने सामान से।

ऐसा लगता है मानो पूरी पृथ्वी की विविधता एक ही स्थान पर एकत्र हो गई हो। किन्तु इस अद्भुत विविधता के बीच एक गहरा मौन भी उपस्थित है। ये सभी मनुष्य हैं। इन्हें भी प्रसन्नता होती है, इन्हें भी भय सताता है, ये भी सपने देखते हैं, प्रेम करते हैं और संघर्ष करते हैं। फिर भी ये एक-दूसरे से भावनात्मक रूप से बहुत दूर हैं। वे एक ही पृथ्वी साझा करते हैं, लेकिन अपने भीतर के संसार को शायद ही कभी साझा करते हैं।

अपने शहरों और परिचित परिवेश में मनुष्य सहज रूप से बातचीत करता है, सहायता करता है और किसी अजनबी के प्रति भी अपनापन महसूस करता है। साझा संस्कृति और साझा अनुभव मनुष्यों को जोड़ते हैं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्थानों पर अक्सर एक अलग ही वास्तविकता दिखाई देती है- एक ऐसा संसार जहां निकटता, आत्मीयता को जन्म नहीं देती।

तब मन में प्रश्न उठता है- क्या वैश्वीकरण ने वास्तव में मानवता को एक किया है, या केवल मनुष्यों को एक ही स्थान पर खड़ा कर दिया है? क्या हम सचमुच एक वैश्विक परिवार बन पाए हैं, या हम केवल 'इंटरनेशनल बॉडीज' बनकर रह गए हैं ऐसे यात्री जो एक ही आकाश के नीचे चलते हैं, एक ही पृथ्वी पर रहते हैं, लेकिन जिनके बीच न जिज्ञासा है, न अपेक्षा और ना ही कोई भावनात्मक सरोकार ?

शायद आधुनिक सभ्यता का यही सबसे बड़ा विरोधाभास है। मानव इतिहास में कभी भी मनुष्य इतने अधिक नहीं चले, इतने अधिक नहीं मिले और इतने अधिक देशों को सीमाएं पार नहीं कीं। लेकिन शायद कभी भी मनुष्य भीतर से इतने अकेले भी नहीं रहे। संभवतः यही जीवन का शाश्वत सत्य भी है। हम सभी सहयात्री हैं, लेकिन हमारी यात्राएं व्यक्तिगत हैं। हम एक ही पृथ्वी के निवासी हैं, परंतु हममें से प्रत्येक अपने भीतर स्मृतियों, आशंकाओं, आकांक्षाओं और एकांत का एक अलग महाद्वीप बसाए हुए चलता है। शायद ईश्वर ने मानव जाति तो एक ही बनाई, लेकिन प्रत्येक मनुष्य के भीतर एक अलग ब्रह्मांड स्थापित कर दिया। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मॉल और पर्यटन नगर हमें बार-बार यही स्मरण कराते हैं कि हम एक ही पृथ्वी पर साथ-साथ यात्रा तो कर रहे हैं, किंतु एक-दूसरे के संसारों में प्रवेश शायद ही कभी कर पाते हैं। हम एक ही पृथ्वी साझा करते हैं, लेकिन शायद अब हम अलग-अलग मानवीय संसारों में रहने लगे हैं।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery