Friday, October, 23,2026

101 साल की गुलाब ने डाला वोट, कहीं आरक्षण के विरोध में बहिष्कार

जयपुर: पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का उत्साह नजर आया। कहीं 101 वर्षीय बुजुर्ग महिला वोट डालने पहुंचीं तो कहीं 96 और 98 साल के मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई। कई स्थानों पर दिव्यांग मतदाता व्हीलचेयर और बुजुर्ग परिजनों के सहारे मतदान केंद्रों तक पहुंचे। ग्रामीण इलाकों में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं और समूह में मतदान करने पहुंची महिलाओं की मौजूदगी भी देखने को मिली। हालांकि, मतदान के दौरान कुछ जगहों पर बहिष्कार, ईवीएम में खराबी, फर्जी मतदान के आरोप और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई।

कोटा जिले के सांगोद में 101 वर्षीय गुलाब बाई मतदान करने पहुंचीं। जयपुर जिले के चौमूं क्षेत्र के तिगरिया में 96 वर्षीय मालीराम ने वोट डाला, जबकि खेजड़ावास में 98 वर्षीय सुजा देवी ने मतदान किया। अजमेर जिले के सावर क्षेत्र में 70 वर्षीय मूलचंद भी मतदान केंद्र पहुंचे। इन उदाहरणों के बीच कई केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाताओं ने परिजनों की मदद से अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

कहीं चुनाव का बहिष्कार तो कहीं मारपीट

जोधपुर जिले के शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मंगलसिंह नगर में सरपंच पद ओबीसी के लिए आरक्षित होने के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। यहां मतदाता सूची में 1,052 नाम दर्ज थे, लेकिन शाम तक केवल 12 सरकारी कर्मचारियों के वोट डालने की सूचना सामने आई। विधायक बाबू सिंह राठौड़ और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे मतदान के लिए तैयार नहीं हुए। कोटा जिले की इटावा पंचायत समिति के चक टोडी गांव में ग्राम पंचायत बदले जाने के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि नई ग्राम पंचायत सिनोता करीब 11 किलोमीटर दूर है, जिससे बुजुगों को आने-जाने में परेशानी होगी। पाली जिले की रानी पंचायत समिति के डूठारिया और सोजत क्षेत्र के नेपावास में भी बहिष्कार की सूचना मिली। फलोदी पंचायत समिति की ढढू ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान मारपीट हुई। निर्दलीय प्रत्याशी मैना विश्नोई के पति हनुमान विश्रोई और प्रकाश धतस्वाल घायल हुए। प्रकाश ने आरोप लगाया कि 20-25 लोगों ने धारदार हथियारों से हमला किया।

प्रेमचंद बैरवा ने परिवार के साथ किया मतदान

उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने जयपुर जिले की मौजमाबाद पंचायत समिति के श्रीनिवासपुरा गांव में बूथ संख्या 92 पर मतदान किया। वे पत्नी नारायणी देवी, बेटे चिन्मय कुमार और बेटी पूजा के साथ वोट डालने पहुंचे। मतदान के बाद उन्होंने सेल्फी पॉइट पर फोटो भी खिंचवाई। जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने जोबनेर सहित विभिन्न ग्रामीण मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

ईवीएम खराब होने से दो घंटे मतदान रुका

जयपुर जिले के चौमूं क्षेत्र के हाडौता स्थित बूथ संख्या 36 पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा पंचायत समिति के भीलूडा ग्राम पंचायत के बूथ संख्या 88 पर तकनीकी खराबी के कारण करीब दो घंटे मतदान रुका रहा। सुबह 9.41 बजे मशीन खराब हुई और नई ईवीएम 11.50 बजे पहुंचने के बाद मतदान दोबारा शुरू हुआ। बूथ पर 1,043 मतदाता पंजीकृत थे। मशीन खराब होने से मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा और कुाङ लोगों के बिना वोट डाले लौटने की सूचना भी सामने आई। अलवर जिले के बाम्बोली पंचायत के बूथ पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी हिम्मत सिंह ने हंगामा किया। एक मतदाता ने भी दावा किया कि उसके नाम पर पहले ही वोट डाला जा चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पहले चरण में प्रदेश की 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए मतदान हुआ। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।

महिलाओं और युवाओं में भी दिखा उत्साह

ग्रामीण क्षेत्रों में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में उत्साह नजर आया। महिलाओं ने घरेलू काम काज निपटाने के बाद मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डाले। कई जगह महिलाएं समूह में मतदान करने पहुंचीं। दिव्यांग मतदाताओं ने भी व्हीलचेवर की मदद से मतदान किया।

20 नवंबर को होगी मतगणना

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से जयपुर के भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में होगी। सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए अलग चरण में 24 अक्टूबर को मतदान और मतगणना निर्धारित है।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery