Friday, May, 15,2026

भीषण गर्मी में अस्पताल में 45 मिनट ब्लैकआउट, मरीज-स्टाफ परेशान

जयपुर: एसएमएस अस्पताल में गुरुवार सुबह ऐसा मिसमैनेजमेंट सामने आया, जिसने अस्पताल प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। ट्रांसफॉर्मर में ऑयल बदलने के दौरान ठेका फर्म के कर्मचारियों ने बिना बैकअप व्यवस्था और बिना प्रशासन को सूचना दिए बिजली सप्लाई बंद कर दी। इसके कारण अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग के बड़े हिस्से में करीब 45 मिनट तक अंधेरा पसरा रहा। अस्पताल के ICU विंग, ई-OT, कैश काउंटर, एक्स-रे काउंटर, सीटी वार्ड, इमरजेंसी और प्रशासनिक हिस्सों में बिजली गुल रही। कई जगहों पर कर्मचारी टॉर्च जलाकर रिकॉर्ड संभालते नजर आए, जबकि मरीज और उनके परिजन परेशान होते रहे।

अस्पताल अधीक्षक को स्टाफ ने दी सूचना

हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी को भी बिजली बंद होने की सूचना समय पर नहीं दी गई। सुबह जब स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा और अंधेरा देखा, तब अधिकारियों को जानकारी दी गई। इससे साफ हो गया कि अस्पताल की मेंटेनेंस व्यवस्था और मॉनिटरिंग सिस्टम पूरी तरह लचर स्थिति में है। हालांकि अधीक्षक ने समय रहते व्यवस्था संभालने का प्रयास किया।

बड़ा सवाल: ICU पर संकट आता तो जिम्मेदार कौन?

सबसे गंभीर बात यह रही कि अस्पताल में मौजूद बैकअप जनरेटर समय पर चालू ही नहीं किए गए। अगर ICU और जनरल वार्ड की सप्लाई भी प्रभावित हो जाती तो भर्ती मरीजों की जान पर बन सकती थी। अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में इस तरह की लापरवाही ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक अस्पताल में दो तरफ से बिजली सप्लाई की व्यवस्था होने के बावजूद इंटरनल सिस्टम फेल हो गया। डिस्कॉम की सप्लाई सामान्य थी, लेकिन अंदरूनी समन्वय और निगरानी पूरी तरह नाकाम साबित हुई।

जांच कमेटी गठित, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब

मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी में अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह, डॉ. गिरधर गोयल, उपाधीक्षक डॉ. अनिल दुबे और PWD के सहायक अभियंता प्रेमप्रकाश महावर को शामिल किया गया है। समिति को 24 घंटे में जिम्मेदारी तय कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

ठेका फर्म की मनमानी, प्रशासन बना तमाशबीन

जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर में लगे ट्रांसफॉर्मर में ऑयल बदलने का काम एक निजी फर्म को दिया गया था। फर्म के कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के सप्लाई बंद कर दी। सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि बिजली विंग के जिम्मेदार अधिकारियों और मेंटेनेंस टीम को इसका पता तक नहीं चला। अस्पताल में लगे जनरेटर सेट भी समय पर चालू नहीं किए गए। इससे साफ है कि आपदा या आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियां सिर्फ कागजों में सीमित हैं। जिस अस्पताल में हर सेकंड मरीजों की जिंदगी दांव पर होती है, वहां बिना बैकअप बिजली बंद कर देना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा माना जा रहा है।

हीरापुरा GSS में ब्रेकर डैमेज, सवा घंटे तक शहर में ठप हुई सप्लाई

वहीं गुरुवार सुबह से शाम तक जयपुर शहर भी बड़े बिजली संकट से गुजरता रहा। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के 220 केवी हीरापुरा GSS में ब्रेकर डैमेज होने से सुबह करीब 8:15 बजे छह अन्य GSS की सप्लाई प्रभावित हो गई। इसका असर अजमेर रोड, वैशाली नगर, भांकरोटा, नाला पावर समेत जयपुर वेस्ट के बड़े हिस्से पर पड़ा। भीषण गर्मी के बीच करीब सवा घंटे तक हजारों उपभोक्ता बिजली कटौती से परेशान रहे। लोग कॉल सेंटर पर लगातार शिकायतें दर्ज करवाते रहे, लेकिन राहत मिलने में समय लगा। स्थिति बिगडती देख ऊर्जा सचिव आरती डोगरा को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। आनन-फानन में दूसरे पावर सोर्स से लोड मैनेज कर सप्लाई बहाल करने की कोशिशें शुरू की गई। हालांकि इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली का इंतजार करना पड़ा। प्रसारण निगम के जोनल चीफ इंजीनियर जयपुर कमलेश मीणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि आखिर यह फॉल्ट कैसे आया।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery