Saturday, October, 24,2026

तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी, भाजपा-कांग्रेस ने खोले पत्ते

जयपुर: पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में भी टिकट वितरण पर परिवारवाद को छाया नजर आई। पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषदों में जिला परिषद सदस्य के पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने पत्ते खोले तो दोनों दलों में दिग्गज नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट देने के मामले सामने आए। इस बार भी टिकट वितरण ने फिर परिवारवाद पर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस में विधायक और पूर्व विधायकों के परिवारों पर भरोसा

कांग्रेस ने चूरू जिला परिषद के वार्ड 38 से तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी को प्रत्याशी बनाया है। पूर्व विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे केशरीचंद को वार्ड 39 और बहू अंजूबाला को वार्ड 3 से टिकट दिया गया है। टोंक में निवाई के पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. बनवारी लाल बैरवा की बेटी अलका बैरवा ने भी जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन किया है। अलका निवाई की प्रधान रह चुकी हैं। उनके भतीजे निवाई से विधायक हैं, जबकि भाई मनिंदर सिंह लोदी जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। कांग्रेस में पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी को भी टिकट मिला है। बाड़मेर में पूर्व मंत्री हादी खान के बेटे गफूर अहमद जिला परिषद और पुत्रवधू शमा बानो धनाऊ पंचायत समिति से चुनाव लड़ रही हैं। इन नामों ने टिकट वितरण में राजनीतिक रसूख और संगठन में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं की दावेदारी के बीच संतुलन को लेकर बहस तेज कर दी है। सीताराम लांबा की नाराजगी भी इसी मुद्दे पर कांग्रेस के भीतर सवाल खड़े कर चुकी है।

भाजपा में भी नेताओं के बेटे-बहू और पत्नियों को मौका

भाजपा ने चूरू जिला परिषद में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ को वार्ड 39 और पुत्रवधू कनिका सिंह को वार्ड 23 से टिकट दिया है। दोनों ने अलग-अलग बाड़ों से नामांकन दाखिल किया है। कनिका ने ग्रामीण विकास के लिए बिजली, पानी और जरूरी सुविधाओं को अहम बताया, जबकि पराक्रम ने भाजपा संगठन को मजबूत करने और संगठन की कड़ी से कड़ी जोडने को अपना लक्ष्य बताया। चित्तौड़गढ़ में निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर को भाजपा ने जिला परिषद के वार्ड 16 से प्रत्याशी बनाया है। भरतपुर जिला परिषद के वार्ड 22 से आगरा छावनी के पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुवेश की बेटी पूजा दुवेश और वार्ड 18 से बयाना के पूर्व विधायक बच्चू बशीवाल की बेटी कनिका सिंह चुनाव मैदान में हैं। कनिका एलएलबी की छात्रा है। सीकर जिले के श्रीमाधोपुर पंचायत समिति से मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी भी चुनाव लड़ रही हैं। मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी उदयपुर जिला परिषद से उम्मीदवार है।

टिकट वितरण में नेताओं के रिश्तेदार पड़े कार्यकर्ताओं पर भारीः राजेंद्र सेन

ऑल इंडिया कांग्रेस ओबीसी विभाग के पूर्व नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं ओबीसी एडवाइजरी काउंसिल के सदस्य राजेंद्र सेन ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के टिकट वितरण पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में वर्षों से संगठन के लिए मेहनत करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई, जबकि कई जगह पार्टी नेताओं के रिश्तेदारों को प्राथमिकता दी गई। सेन ने कहा कि राजनीतिक दलों की असली ताकत उनके समर्पित कार्यकर्ता है, न कि नेताओं के रिश्तेदार। टिकट वितरण में कार्यकर्ताओं की निष्ठा, मेहनत, योग्यता और जनाधार को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रिश्तेदारों को तरजीह देने की प्रवृत्ति से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिस्ता है और संगठन कमजोर होता है। पार्टियों को कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान करते हुए टिकट वितरण में निष्पक्षता बरतनी चाहिए।

जीत की संभावना को आधार बता रहे दल

परिवारवाद के आरोपों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का तर्क है कि टिकट जमीनी फीडबैक के आधार पर दिए गए हैं। उनके मुताबिक, यदि किसी नेता का रिश्तेदार क्षेत्र में मजबूत है और उसकी दावेदारी बेहतर है तो उसे उम्मीदवार बनाने में अनुचित कुछ नहीं है। हालांकि, दोनों दलों के सामने यह सवाल बना हुआ है कि चुनाव में जीत की संभावना के साथ संगठन के लिए वर्षों से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को कितनी प्राथमिकता मिली।

बस्सी प्रभारी रत्ना कुमारी और आलोक पारीक ने की मदन राठौड़ से मुलाकात

पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने बस्सी विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक तैयारिया तेज कर दी है। पंचायत चुनाव प्रभारी रत्ना कुमारी और आलोक पारीक ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात कर चुनावी रणनीति और संगठन की सक्रियता पर चर्चा की। बैठक में पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने, स्थानीय नेतृत्व के बीच समन्वय स्थापित करने और चुनावी तैयारियों को गति देने जैसे मुद्दों पर मंथन हुआ। पंचायत चुनाव में ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय मुद्दे, जनसंपर्क और संगठन की सक्रियता अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में भाजपा का जोर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर है। प्रदेश नेतृत्व के साथ प्रभारियों की इस मुलाकात को बस्सी क्षेत्र में चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के जरिए पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाएगी।

टिकट नहीं मिलने पर भाजपा में बगावत, विमला चौधरी ने दिया इस्तीफा

पंचायत समिति चाकसू के वार्ड 7 से टिकट नहीं मिलने पर भाजपा देहात मंडल मंत्री विमला प्रभुनारायण चौधरी ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर को त्याग पत्र सौंपकर विधायक रामावतार बेरवा पर समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया। चौधरी का कहना है कि उनके अलावा छह और कार्यकर्ताओं ने टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें मौका नहीं दिया। टिकट वितरण से उपजी नाराजगी के बीच चाकसू भाजपा में संगठनात्मक असंतोष सामने आया है।

बारां: BSF की पूर्व जवान माया की चुनावी पारी

बारां जिला परिषद के वार्ड 23 से भाजपा प्रत्याशी माया भी चर्चा में हैं। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर की रहने वाली माया 2021 में बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थीं। उन्होंने पश्चिम बंगाल और जम्मू कश्मीर में करीब पांच साल तक सीमा पर सेवाएं दी। पारिवारिक कारणों से अप्रैल 2026 में बीएसएफ से इस्तीफा देने के बाद अब वह चुनावी मैदान में हैं। माया के मुताबिक, उन्होंने पहले देश की सेवा की और अब समाज सेवा करना चाहती हैं। ससुराल पक्ष की राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर मिला।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery