Saturday, October, 24,2026

सरपंची की दौड़... हर पंचायत में 7 से अधिक दावेदार मैदान में

जयपुर: पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के पहले चरण में जयपुर जिले की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1,525 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यानी हर ग्राम पंचायत में औसतन सात से अधिक उम्मीदवार सरपंच बनने के लिए दावेदारी कर रहे हैं। कई ग्राम पंचायतों में 20-20 प्रत्याशियों या इससे अधिक के बीच मुकाबले की स्थिति है। खास बात यह है कि प्रदेश के कई जिलों में सरपंच और वार्ड पंच निर्विरोध चुने गए हैं, लेकिन जयपुर जिले को किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ। जिले की आठ पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 2,119 नामांकन प्राप्त हुए थे। शुक्रवार को नामांकन और जांच में 2.108 नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद 583 अभ्यर्थियों ने चुनाव से दूरी बना ली, लेकिन इसके बावजूद 1,525 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। आंकड़े बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच पद को लेकर दावेदारी मजबूत है और अधिकांश पंचायतों में मतदाताओं के सामने कई विकल्प होंगे।

आज सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान

पहले चरण में शनिवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी और नतीजे भी उसी दिन आने लगेंगे। ऐसे में देर शाम तक गांवों की नई पंचायतों की तस्वीर साफ होने लगेगी।

प्रदेश में कई जगह निर्विरोध निर्वाचन, जयपुर में हर पंचायत में मुकाबला

प्रदेश के अन्य जिलों में कई ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच निर्विरोध चुने गए है। जोधपुर जिले में बालेसर की खारी बेरी ग्राम पंचायत में सवाई सिंह इंदा और नई ग्राम पंचायत हनुमानपुरा में दुर्गा प्रजापत निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए। आगोलाई की दूधाबेरा ग्राम पंचायत में भी पूरी पंचायत निर्विरोध चुनी गई। सेखाला की रिनिया बालाजी ग्राम पंचायत में डॉ. नथाराम निर्विरोध सरपंच बने।

वहीं बाड़मेर जिले की वैरिद्र नगर ग्राम पंचायत में पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी की पत्नी भीखीदेवी सातवीं बार निर्विरोध सरपंच चुनी गई। गडरारोड की मौसरी ग्राम पंचायत में भी सरपंच और सात वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके उलट जयपुर जिले में सरपंच पद के लिए किसी भी ग्राम पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ। सभी 212 पंचायतों में मतदान के जरिए ही सरपंच चुने जाएंगे।

पंच-सरपंच चुनाव में पति, ससुर और भाइयों की साख का भी इम्तिहान

पंच-सरपंच चुनाव में भी 50% आरक्षण से महिलाओं को नेतृत्व का मौका दिया गया है। गांव की सरकार के लिए सीट महिला के नाम, लेकिन सियासी प्रतिष्ठा की लड़ाई में परिवार के पुरुष भी पूरी ताकत से उतर रहे हैं। कहीं पति अपनी राजनीतिक पकड़ साबित करने में जुटे हैं तो कहीं ससुर की गांव में साख और भाई का रसूख चुनावी समीकरण का हिस्सा बन रहा है। महिला प्रत्याशी की जीत को परिवार की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में मुकाबला सिर्फ सरपंच या पंच की कुर्सी का नहीं, बल्कि गांव में परिवार के प्रभाव को बनाए रखने का भी बनता दिख रहा है। पोस्टर-बैनर से लेकर मतदाताओं की गोलबंदी तक पुरुष रिश्तेदारों की सक्रियता कई जगह चर्चा में है। पंचायत समिति प्रधान से लेकर सरपंच और वार्ड पंच तक आधे पद महिलाओं के लिए आरक्षित है। इसके बावजूद चुनाव से पहले प्रचार के तौर-तरीकों में पुरुषों की मौजूदगी ज्यादा नजर आई।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery