Saturday, September, 12,2026

दूसरे चरण में 5.68 फीसदी कम वोटिंग

जयपुर: राजस्थान में 'एक राज्य-एक चुनाव' के तहत चल रहा नगरीय निकाय चुनाव का दूसरा चरण शुक्रवार को मतदान के साथ पूरा हो गया। दूसरे चरण में 147 नगरीय निकायों-6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाओं में कुल 70.68 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 87 लाख 63 हजार 595 मतदाताओं में से 61 लाख 99 हजार 021 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। छिटपुट विवाद, कहासुनी, ईवीएम में तकनीकी खराबी और फर्जी मतदान की शिकायतों को छोड़कर प्रदेशभर में मतदान शांतिपूर्ण रहा। अब सभी की नजर 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिक गई है।

धोरीमन्ना में सबसे अधिक 91.59, सिरोही में सबसे कम 62.03%

दूसरे चरण में 147 निकायों के 4,774 वार्डों के लिए 9,758 मतदान केंद्र बनाए गए। इनमें 40 नवगठित निकाय भी शामिल रहे। कुल 18,266 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। 87.63 लाख मतदाताओं में से 61.99 लाख ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 70,74 फीसदी रहा। सबसे अधिक मतदान बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगरपालिका में 91.59 फीसदी और सबसे कम सिरोही नगर परिषद में 62.03 फीसदी रहा।

दूसरे चरण में मतदाताओं की संख्या रही अधिक

दोनों चरणों के आकड़े बताते हैं कि दूसरे चरण में मतदान का उत्साह पहले चरण की तुलना में कम रहा। पहले चरण में 76.42 फीसदी मतदान हुआ था, जबकि दूसरे चरण में यह 70.74 फीसदी रहा। यानी दूसरे चरण में 5.68 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि दूसरे चरण में मतदाताओं की संख्या पहले चरण से काफी अधिक थी। दोनों चरणों को मिलाकर प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में औसत मतदान करीब 72.93 फीसदी रहा। इन 309 निकायों में 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाएं शामिल हैं। यह आंकड़ा पिछले आम चुनाव में 196 निकायों में दर्ज 70.31 फीसदी मतदान से करीब 2.62 फीसदी अधिक है।

पहले चरण में 76.42 फीसदी मतदान

निकाय चुनाव के पहले चरण में 9 सितंबर को 162 निकायों में मतदान हुआ था। इनमें 4 नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाएं शामिल थीं। पहले चरण में 5,393 वाडाँ के लिए 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल 57 लाख 52 हजार 278 मतदाताओं में से 43 लाख 95 हजार 853 ने वोट डाला। इस तरह पहले चरण में 76.42 फीसदी मतदान हुआ। पहले चरण में सबसे अधिक मतदान प्रतापगढ़ की अरनोद नगरपालिका में 91.98 फीसदी रहा, जबकि सबसे कम भीलवाड़ा नगर निगम में 63.84 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में 73 स्वगठित निकायों में पहली बार चुनाव हुआ।

नए निकायों में दिखा उत्साह

नवगठित निकायों में मतदाताओं की भागीदारी भी चुनाव का अहम संकेत रही। पहले चरण के 73 नवगठित निकायों में मतदान 74.76 फीसदी रहा। दूसरे चरण के 40 नवगठित निकायों में मतदान 70.68 फीसदी रहा। दूसरे चरण के 107 पुराने निकायों में पिछले चुनाव के दौरान दर्ज 67.93 फीसदी के मुकाबले इस बार मतदान अधिक रहा।

श्रीगंगानगर में भिड़े समर्थक, कुम्हेर में हल्का लाठीचार्ज

मतदान के दौरान श्रीगंगानगर के सादुलशहर में बूथ के बाहर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हुई। पदमपुर के वार्ड 9 में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प से कुछ देर तनाव की स्थिति बनी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। डीग जिले के कुम्हेर में वार्ड 20 के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र के आसपास फर्जी मतदान की शिकायत को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हटाया। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने बताया कि जांच में फर्जी मतदान का कोई मामला सामने नहीं आया। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

95 वर्षीय एल. आर. गुप्ता ने परिवार की चौथी पीढ़ी के साथ किया मतदान

जयपुर। लोकतंत्र के महापर्व में उत्साह और जागरूकता की प्रेरणादायी मिसाल उस समय देखने को मिली, जब जवाहर नगर कॉलोनी निवासी 95 वर्षीय एल. आर. गुप्ता ने अपनी पत्नी तथा परिवार की चौथी पीढ़ी के सदस्यों के साथ एक साथ मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना न केवल उनके लोकतंत्र के प्रति विश्वास को दर्शाता है, बल्कि नई पीढ़ी के लिए भी एक प्रेरणादायी संदेश है। गुप्ता ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति उसकी जिम्मेदारी भी है। परिवार की चार पीढ़ियों का एक साथ मतदान करना लोकतांत्रिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों की सुंदर मिसाल प्रस्तुत करता है। उनकी इस सहभागिता ने आसपास के मतदाताओं में भी उत्साह और जागरूकता का संदेश दिया।

ईवीएम रूम में, अब 14 सितंबर का इंतजार

मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाया गया। अब 14 सितंबर को होने वाली मतगणना में तय होगा कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में किस प्रत्याशी को जीत मिली और किस दल को बढ़त हासिल हुई। मतदान प्रतिशत के आधार पर भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी अपने अपने स्तर पर हार-जीत के समीकरण लगाने में जुट गए हैं। बोर्ड गठन को लेकर भी सियासी चर्चाएं तेज हो गई है, लेकिन अंतिम तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery