Thursday, September, 03,2026

जाली पर नहीं चढ़ पाई सुगना और खींच ले गया टाइगर ...

जयपुर: नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बुधवार सुबह सुरक्षा की एक चूक जिंदगी पर भारी पड़ गई। जिस बाड़े में बाघ 'शिवाजी' बंद था, उसी एन्क्लोजर नंबर-16 में घास काटने और सफाई के लिए सात महिला श्रमिक काम कर रही थीं। इसी बीच महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाले बिना बाड़े का गेट खोल दिया गया और अगले ही पल वहां मौत दौड़ती नजर आई। वाघ सामने आया तो महिलाओं में भगदड़ मच गई।

किसी ने पेड़ पर बढ़कर जान बचाई तो किसी ने जाली पकड़कर खुद को ऊपर खींच लिया, लेकिन 42 वर्षीय सुगना देवी जाली पर नहीं चढ़ सकी। बाघ उसे करीब 10 फीट तक घसीटकर ले गया। कुछ ही देर में सुगना की मौत हो गई। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि हमला होने के बाद भी बाघ करीब एक घंटे तक बाड़े में घूमता रहा और सुगना का शव दोपहर तक बाहर नहीं निकाला जा सका।

दांतली से भिड़ी, साथिनों ने कहा... भागो

प्रत्यक्षदर्शी छोटी देवी के अनुसार वह कटी घास लेकर लौट रही थीं, तभी बाघ के बाहर आने की जानकारी मिली। बाघ को अपनी ओर बढ़ता देखकर उन्होंने दांतली से उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन साथिनों ने उसे भागने को कहा। इसके बाद महिलाएं जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ पड़ीं। रुक्मणी ने बताया कि महिलाएं पेड़ और जाली पर चढ़ने लगीं। सुगना सबसे पीछे रह गई और बाघ ने उसे दबोच लिया। उनका कहना है कि यदि महिलाएं समय पर जाली और पेड़ पर नहीं चढ़ती तो कई और मजदूर बाघ का शिकार हो सकती थीं।

सुगना पर ही था घर चलाने का जिम्मा

सुगना देवी जमवारामगढ़ के नांगल सुसावतान गांव की रहने वाली थीं और करीब आठ साल से काम कर रही थीं। उनके पति दिव्यांग हैं और दो बच्चे हैं। परिवार के अनुसार सुगना ही मजदूरी कर घर का खर्च चला रही थीं। पति शंभुदयाल के अनुसार करीब ढाई साल पहले एक हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए थे और ठीक से चल-फिर नहीं पाते। इसके बाद सुगना ही मजदूरी कर परिवार चला रही थीं। बेटे राहुल ने जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। छोटे बेटे रूपेश ने कहा कि मां की मौत के बाद परिवार का सबसे बड़ा सहारा छिन गया है।

एक करोड़ रुपए मुआवजे की मांग

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पार्क पहुंचे और सुबह से दोपहर तक धरना दिया। परिजनों ने एक करोड़ रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर धरना दिया। करीब 3 बजे अधिकारियों से बातचीत के बाद धरना समाप्त हुआ। आमेर विधायक प्रशांत शर्मा ने कहा कि जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार सरकारी नौकरी की मांग कर रहा है, जबकि संविदा नौकरी को लेकर बातचीत चल रही है। परिवार को वन विभाग से अधिक से अधिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

सुरक्षा पर चार बड़े सवाल

  • श्रमिकों के एन्क्लोजर में रहते बाड़े का गेट कैसे खुला ?
  • बाड़ा खोलने से पहले महिलाओं को बाहर क्यों नहीं निकाला गया?
  • एसओपी और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किस स्तर पर चूका?
  • जांच केवल निलंबन तक रहेगी या जिम्मेदार अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी?

एक घंटे तक एन्क्लोजर में रहा बाघ

स्थानीय निवासी कजोड़मल सैनी के अनुसार हादसा सुबह 8:30 से 8:45 बजे के बीच हुआ। बाघ ने सुगना को पकड़कर करीब 10 फीट तक घसीटा। इसके बाद भी वह करीब एक घंटे तक एन्क्लोजर में घूमता रहा। अधिकारियों के पहुंचने तक सुगना की मौत हो चुकी थी। घटना के कारण पार्क में हड़कंप मच गया।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery