Tuesday, August, 12,2025

विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा, तो भाजपा के कृपलानी बोले... पेपर लीक के मगरमच्छों को गमछे में लपेटकर पकड़ेंगे

जयपुर विधानसभा के बजट सत्र में बुधवार को राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के दौरान गमछा जमकर घूमा। अभिभाषण पर चर्चा शुरू करते हुए भाजपा के निम्बाहेड़ा से विधायक श्रीचंद कृपलानी ने पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का गमछा जहां-जहां घूमा, वहां-वहां कांग्रेस साफ हो गई। पहले राजस्थान, हरियाणा और उपचुनावों में कांग्रेस का मोरिया बोला। कृपलानी ने सरकार के कार्यों और सीएम की तारीफ करते हुए कहा कि पेपर लीक पर कार्रवाई की जा रही है। इन मामलों के मगरमच्छों को गमछे में लपेटकर पकड़ेंगे। वहीं, कांग्रेस विधायकों ने सदन में सरकारी भर्तियों, ईआरसीपी, यमुना जल, राइजिंग राजस्थान और विकास कार्यों को लेकर तथ्यों के साथ सरकार को घेरा। इस दौरान सरकार को घेरते हुए कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल ने राज्यपाल के अभिभाषण को नीरस और निर्जीव करार दिया। उन्होंने भर्तियों के आंकड़ों और कार्यों को लेकर कुम्भ में लगाए गए होर्डिंग को लेकर कहा कि भजनलाल ने योगी को चिढ़ाने के लिए झूठे होर्डिंग लगाए हैं।

महाकुम्भ में पाप धोने को लेकर विवाद
सदन में श्रीचंद कृपलानी ने महाकुम्भ में कांग्रेस विधायकों को साथ चलने के लिए बोलते हुए कहा कि महाकुम्भ आप भी पाप धोकर आ जाते। पाप धोने की बात पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने टिप्पणी करते हुए कहा कि ये पाप धोने जा रहे हैं तो इनकी सच्चाई सामने आ गई है। महाकुम्भ में पाप धोने की बात पर विरोध जताते हुए जूली ने कहा कि यह लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के खिलाफ है, जो अपनी इच्छा से जा रहे हैं। कृपलानी ने कहा कि कांग्रेस राज में सफाई कर्मचारी भर्ती में दो-दो लाख रुपए लिए गए। कांग्रेस सरकार में शिलान्यास और उद्घाटन के नाम पर नाम प्लेट लगा दी गई, लेकिन उनके काम कागजों में भी शुरू नहीं हुए थे।

बेलगाम बोलने का अधिकार नहीं: गर्ग
कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा के सरकार के राइजिंग राजस्थान पर आरोप लगाने पर सदन में हंगामा हुआ। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने सबूत पेश करने को कहा। तब पक्ष-विपक्ष के सदस्य खड़े होकर बोलने लगे। मंत्री अविनाश गहलोत ने इसे मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास बताया।  कांग्रेस  विधायक राजेंद्र पारीक ने कहा कि सदन में बोलने का अधिकार सबको है। अगर आपको गलत लगे तो सबूत मांगिए। मुख्त सचेतक ने कहा कि बेलगाम बोलने का अधिकार किसी को नहीं है। 

सरकार एमओयू दिखा दे तो समझेंगे जनता से अन्याय नहीं हो रहा: धारीवाल
शांति धारीवाल ने सदन में बोलते हुए ईआरसीपी-पीकेसी परियोजना का एमओयू देने का सवाल लगाया, जिसे अस्वीकार कर जवाब दिया गया कि सवाल बहुत लंबा है। धारीवाल ने कहा सरकार एमओयू दिखा दे तो मान लेंगे कि अन्याय नहीं हो रहा। उन्होंने यमुना जल समझौते की डीपीआर को लेकर कहा कि हरियाणा 10 साल में भी डीपीआर बनाकर नहीं देगा। धारीवाल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का फायदा नहीं मिलने,  450 स्कूल बंद करने,  योजनाओं के नाम बदलने जैसे मुद्दों को लेकर कहा कि भाजपा के मंत्रियों ने सरकार में आते ही पुराने टेंडर शर्तों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए रोक दिए थे, लेकिन अब भी उन्हीं शर्तों पर काम कर रहे हैं।

आप डील करते रहे: नौक्षम 
कामा से भाजपा विधायक नौक्षम चौधरी ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक हरिमोहन शर्मा के आरोपों पर कहा कि पांच साल हर विधानसभा में एक सीएम था। पांच साल जनता परेशान होती रही और आप पांच सितारा होटल में बैठकर डील करते रहे। सभी माफियाओं का प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से आपसे संबंध सामने आए हैं। 

पंचायती राज में 1000 तबादलों पर हाई कोर्ट की रोक: हरिमोहन शर्मा 
कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा  ने पंचायतीराज के तबादलों में गड़बड़ियों को लेकर कहा कि पंचायती राज में तबादलों का यह हाल था, कि उनके किए गए 1000 तबादलों पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी। इससे ज्यादा शर्म की बात क्या हो सकती है। इस पर मंत्री दिलावर ने कहा कि स्टे का कोई आधार तो होगा। हरिमोहन शर्मा ने दिलावर से कहा मैं आपकी बेशर्मी के लिए आपको धन्यवाद देता हूं। इस पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कोर्ट के आदेशों की यहां विवेचना करना गलत है।
 

  Share on

Related News

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery