Tuesday, November, 17,2026

भाजपा-कांग्रेस की अब जिला प्रमुख-प्रधान की कुर्सी पर नजर

जयपुर: प्रदेश में पंचायत चुनाव के सभी चरणों का मतदान पूरा होते ही अब गांवों की सरकार पर कब्जे की राजनीतिक जंग शुरू हो गई है। जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी के लिए भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों ने जोड़ तोड़ तेज कर दी है। इस बार चुनावी मुकाबला सिर्फ पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। दोनों दलों के नेता अपने परिवार के सदस्यों को जिला प्रमुख और प्रधान बनाने के लिए अभी से समीकरण बैठाने में जुट गए हैं। समर्थित जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों को टूटने से बचाने के लिए बाड़ाबंदी का दौर भी शुरू हो गया है। चुनाव परिणाम 20 नवंबर को आएंगे, लेकिन उससे पहले ही भाजपा व कांग्रेस ने अपने संभावित सदस्यों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। जयपुर से लेकर पुष्कर व दिल्ली रोड तक रिसॉर्ट पॉलिटिक्स का असर दिखने लगा है। असली परीक्षा 25 से 28 नवंबर के बीच होगी, जब जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान व उपप्रधान के चुनाव होंगे।

भाजपा ने पुष्कर में बनाया ठिकाना

भाजपा ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के बाद से ही अपने समर्थित प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी थी। दौसा, अजमेर सहित अन्य जिलों के प्रत्याशियों को प्रदेश कार्यालय बुलाकर निर्धारित ठिकानों पर भेजा जा रहा है। जयपुर देहात दक्षिण के प्रत्याशियों से भी समन्वय किया जा रहा है। पुष्कर के रिसॉर्ट को ठहरने के लिए प्राथमिकता दी गई है। कांग्रेस ने भी बाड़ाबंदी में तेजी दिखाई है। चाकसू क्षेत्र के समर्थित प्रत्याशियों को पुष्कर के रिसॉर्ट में ठहराया गया है, जबकि शाहपुरा क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए दिल्ली रोड स्थित रिसॉर्ट को ठिकाना बनाया गया है। दोनों दलों की कोशिश है कि परिणाम आने तक उनके सदस्य दूसरे खेमे के संपर्क में न आएं।

कुर्सी दिलाने को दिग्गजों ने लगाया जोर

चुनाव में दोनों दलों के कई बड़े नेताओं ने अपने परिवार के सदस्यों को मैदान में उतारा है। भाजपा से पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और बहू कनिका सिंह ने जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ा। मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और छोटे बेटे भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरे, जबकि बड़े बेटे ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमाई। मंत्री डॉ. मंजू बाघमार की भतीजी श्वेता पवार, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर की पत्नी सरोज देवी, पूर्व मंत्री कनकमाल कटारा की बहू और विधायक विक्रम बंशीवाल की मां कौशल्या बंशीवाल भी चुनाव मैदान में है। कांग्रेस में भी परिवार को राजनीतिक रूप से मजबूत करने की कोशिश दिखी। पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी, पूर्व मंत्री अमीन खान के बेटे, बाड़मेर में गफूर अहमद और उनकी पत्नी शमा बानो, पूर्व मंत्री महादेव सिंह खंडेला की पत्नी पार्वती देवी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी ने चुनाव लड़ा। पूर्व मंत्री रामकिशन वर्मा के पौत्र संभव वर्मा, विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा, पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान और विधायक अर्जुन बामनिया के पुत्र विकास बामनिया भी मैदान में रहे। अब इन नेताओं की नजर अपने परिवार के सदस्यों को प्रमुख और प्रधान की कुर्सी तक पहुंचाने पर है।

अब जिला प्रमुख और प्रधान के दावेदारों पर चर्चा

नतीजों से पहले ही जिलों में संभावित जिला प्रमुख और प्रधान के नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। जिन जिलो में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना है, वहां परिवार के सदस्यों को आगे करने की रणनीति पर काम हो रहा है। वहीं, त्रिशंकु स्थिति बनने पर निर्दलीय और दूसरे खेमे के सदस्यों की भूमिका अहम होगी। ऐसे में बाड़ाबंदी के साथ राजनीतिक सौदेबाजी और समर्थन जुटाने का गणित भी तेज होगा।

ऐसे आएंगे परिणाम

20 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम आएंगे। 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा। पंचायत समितियों में 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान चुने जाएंगे। ग्राम पंचायतों में 17 नवंबर को उपसरपंच के चुनाव के साथ प्रक्रिया पूरी होगी।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery