Thursday, November, 26,2026

कहीं रिश्तेदारी की सियासत, कहीं बागियों का दांव

जयपुर: राजस्थान के जिला प्रमुख चुनाव सिर्फ राजनीतिक दलों की जीत-हार तक सीमित नहीं रहे। कई जिलों में परिवारों की सियासी विरासत, पार्टी के भीतर गुटबाजी, बागियों की चुनौती और नए चेहरों की एंट्री भी चर्चा में रही। दो पूर्व नेता प्रतिपक्ष की पुत्रवधुएं जिला प्रमुख बनीं तो कहीं विधायक की पत्नी और पूर्व मंत्री की पत्नी ने निर्विरोध जीत हासिल की। बीकानेर में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान के बीच विधायक की बहू ने बाजी मारी, जबकि पूर्व मंत्री की बेटी को हार का सामना करना पड़ा।

बालोतराः चौधरी का गणित आया काम

बालोतरा में पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी की भूमिका अहम रही। आरएलपी के चार सदस्यों का समर्थन भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में गया। बिना स्पष्ट बहुमत के भाजपा ने गठबंधन के जरिए जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली।

जयपुर में हंगामा

जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में आरएलपी की गीता सिंह वोट डालने नहीं पहुंचीं। मतदान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से धक्का-मुक्की की। कांग्रेस विधायक विद्याधर चौधरी की पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई। हालांकि बाद में बातचीत से मामला शांत हो गया।

जोधपुर में मदेरणा परिवार से अलग नया सियासी केंद्र

जोधपुर में कांग्रेस की प्रमिला चौधरी ने भाजपा के लक्ष्मणराम चौधरी को हराया। यहां आरएलपी के तीन वोट कांग्रेस के खाते में गए, जबकि भाजपा के एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग भी चर्चा में रही। प्रमिला चौधरी की जीत को जोधपुर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में नए शक्ति केंद्र के उभार के रूप में देखा जा रहा है। जिला प्रमुख टिकट वितरण में दिव्या मदेरणा के परिवार की पसंद को तवज्जो नहीं मिली। प्रमिला को बिना मदेरणा परिवार की सहमति के टिकट मिलने और उनकी जीत ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के संकेत दिए।

अलवर में रंधावा फैक्टर की चर्चा

अलवर में कांग्रेस की अनीता राहुल मीणा ने भाजपा की संतोष मीणा को हराया। अनीता के पति राहुल मीणा की राजनीतिक यात्रा भी चर्चा में रही। उन्हें पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिला था। बाद में निर्दलीय चुनाव लड़ने और कांग्रेस से निष्कासन के बाद उन्होंने पार्टी में फिर सक्रिय भूमिका निभाई। महिला सीट होने पर पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा। अनीता को टिकट दिलाने में राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रथावा के हस्तक्षेप की चर्चा रही। भंवर जितेंद्र सिंह और टीकाराम जूली के बीच टिकट को लेकर मंथन के दौरान रंथावा की भूमिका को भी अहम माना गया।

हनुमानगढ़ः टिकट पर कांग्रेस में बगावत

हनुमानगढ़ में रेणु जांगू जिला प्रमुख बनीं, लेकिन उनकी ताजपोशी के बाद कांग्रेस के भीतर विरोध भी सामने आया। पूर्व उप जिला प्रमुख और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शबनम गोदारा ने रेणु जांगू को टिकट देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया पर रिश्तेदारी निभाने के आरोप लगाए। गोदारा ने एक दिसंबर से न्याय यात्रा निकालने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट देकर उन्होंने पार्टी का एक एहसान चुकाया है। इससे साफ हुआ कि जिला प्रमुख चुनाव में जीत के बावजूद कई जिलों में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खत्म नहीं हुई है।

दो पूर्व नेता प्रतिपक्ष की पुत्रवधुएं जिला प्रमुख

चूरू में भाजपा की कनिका सिंह राठौड़ ने कांग्रेस के बहुमत को ध्वस्त कर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की। वह पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू और पराक्रम सिंह राठौड़ की पत्नी हैं। चुनाव प्रचार के दौरान कनिका अपने भाषण और जनता से संवाद के अंदाज को लेकर भी चर्चा में रहीं। बीकानेर में कांग्रेस के सामने पार्टी के ही पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनौती पेश की। कांग्रेस ने विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को प्रत्याशी बनाया था। भाजपा की धापू कंवर के नाम वापस लेने के बाद मुकाबला काग्रेस की निकिता और बागी सरिता के बीच रह गया। निकिता ने जीत दर्ज की। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और जिला परिषद सदस्य सरिता मेघवाल को पार्टी से निलंबित कर दिया। इस तरह एक तरफ रामेश्वर डूडी परिवार की राजनीतिक विरासत को सफलता मिली तो दूसरी तरफ मेघवाल परिवार को पार्टी की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

विधायक और पूर्व मंत्री के परिवारों को भी मिली कामयाबी

दौसा में कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गई। सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी को भी निर्विरोध जीत मिली। वहीं बूंदी में कांग्रेस की हंसा गुर्जर ने भाजपा प्रत्याशी मनीष सैनी को हराया। हंसा पूर्व सरपंच ग्यारसी लाल गुर्जर की पुत्रवधू हैं। भाजपा प्रत्याशी मनीष सैनी पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के पुत्र हैं।

झालावाड़ में वसुंधरा राजे खेमे की प्रतिष्ठा बची

झालावाड़ में भाजपा का जिला प्रमुख बनना पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए अहम राजनीतिक उपलब्धि के तौर पर देखा गया। सांसद दुष्यंत सिंह की सक्रियता और प्रयासों से पार्टी जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करने में सफल रही। प्रदेश के दूसरे जिलों में कांग्रेस की बढ़त के बीच झालावाड़ में भाजपा का बोर्ड बनना राजे खेमे के लिए राहत भरा रहा।

नए जिलों में पहला जिला प्रमुख

नवगठित जिलों में भी जिला प्रमुख चुनाव खास रहे। सलूम्बर को कांग्रेस की पुष्पा देवी के रूप में पहला जिला प्रमुख मिला। खैरथल तिजारा में भाजपा के इंद्रजीत यादव ने जीत हासिल की। डीडवाना-कुचामन में कांग्रेस की पूनम गोयल और भाजपा के बुधाराम गरवा को बराबर 14-14 वोट मिले। इसके बाद लॉटरी से भाजपा के बुधाराम गरवा की जीत हुई। डूंगरपुर में भी जिला प्रमुख का फैसला लॉटरी से हुआ, जिसमें बीएपी के अनुतोष रोत विजयी रहे।

आरक्षित से ज्यादा सीटों पर जीतीं महिलाएं

37 जिला परिषदों में से 26 में महिला जिला प्रमुख चुनी गई। इनमें 16 जिले महिला आरक्षण के लिए निर्धारित थे। यानी आरक्षित सीटों से आगे बढ़कर सामान्य सीटों पर भी महिला प्रत्याशियों ने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। जैसलमेर में संतोष कुमारी, झुंझुनूं में कोमल भंवरिया, बीकानेर में निकिता डूडी, दौसा में बीना बैरवा, सवाई माधोपुर में आशा देवी, बूंदी में हंसा गुर्जर और अजमेर में पूजा भंसाली जैसी महिला नेताओं को जिला परिषदों की कमान मिली। फलोदी में 32 वर्षीय यशवंत कंवर को जिला प्रमुख की जिम्मेदारी मिली। धौलपुर में अनीशा सिंह, चित्तौड़गढ़ में रतनी देवी और राजसमंद में सुंदर देवी ने भी जीत दर्ज की।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery