Sunday, May, 10,2026

बिना मरीज देखे ही कराई MRI और CT स्कैन, डकारे 7 करोड़

जयपुर: राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की जांच में सामने आया है कि डॉक्टरों और डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों की मिलीभगत से सरकारी खजाने को करोड़ों रुपए का चूना लगाया गया। एसओजी ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए सीकर से जुड़े दो मुख्य आरोपियों डॉ. कमल कुमार अग्रवाल उर्फ केके अग्रवाल (एमएस ऑथों, एसोसिएट प्रोफेसर) निवासी शिव वाटिका, बेनाड़ रोड, मुरलीपुरा जयपुर और डॉ. बनवारी लाल उर्फ बी लाल संचालक बी. लाल लैब/विजय एंड बी. लाल डायग्नोस्टिक सेंटर सीकर को गिरफ्तार किया है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, आरजीएचएस जैसी जनकल्याणकारी योजना को कुछ डॉक्टरों और लैब संचालकों ने कमाई का जरिया बना लिया। मरीजों को बिना देखे ही उनके नाम से ओपीडी पर्चियां तैयार की गईं, अनावश्यक और महंगी जांचें लिखी गई और फर्जी रिपोर्ट तैयार कर पोर्टल पर अपलोड कर करोड़ों रुपए के क्लेम उठाए गए।

कई और डॉक्टरों पर भी कसेगा शिकंजा

आरजीएचएस की गुणवत्ता नियंत्रण टीम और ऑडिट सेल की रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे खेल में करीब 7.32 करोड़ रुपए के फर्जी क्लेम किए गए, जिनमें से 6.92 करोड़ रुपए सिर्फ सीटी और एमआरआई जांचों के नाम पर निकाले गए। कुल 18,357 ट्रांजेक्शन में से 11,688 सीटी-एमआरआई से संबंधित पाए गए। सस्ते स्पाइन स्क्रीनिंग पैकेज (₹1150) की जगह 4-5 अलग-अलग महंगी जांचे लिखकर प्रति मरीज करीब ₹13,800 तक अतिरिक्त वसूली की गई। जांच में यह भी सामने आया कि कई मरीजों को इस फर्जीवाड़े की जानकारी तक नहीं थी। नरेश कुमार दहिया, फूलचंद, चंदा जोशी, सरोज कंवर और मोहिनी सहित कई मरीजों ने बयान में कहा कि उन्होंने संबंधित डॉक्टरों से कभी परामर्श ही नहीं लिया, फिर भी उनके नाम पर महंगे टेस्ट दिखाकर बिल पास कर दिए गए।

इस घोटाले में राजकीय श्री कल्याण चिकित्सालय, सीकर के पांच वरिष्ठ डॉक्टरों डॉ. केके अग्रवाल, डॉ. मुकेश वर्मा, डॉ. गजराज सिंह, डॉ. राकेश चौधरी और डॉ. सुनील ढाका पर गंभीर आरोप हैं। जांच में पाया गया कि इन सभी ने मरीजों को बिना देखे पर्चियों पर हस्ताक्षर किए। एसओजी के आईजी अजय लांबा, डीआईजी परिस देशमुख और एसपी कुंदन कंवरिया के निर्देशन में एएसपी लोकेंद्र दादरवाल की टीम इस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य डॉक्टरों और कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

निजी लैब और सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की मिलीभगत

जांच में सामने आया कि सीकर स्थित बी. लाल लैब और राजकीय श्री कल्याण चिकित्सालय के कुछ डॉक्टरों ने संगठित तरीके से यह फर्जीवाड़ा किया। कई मामलों में मरीज अस्पताल पहुंचे ही नहीं, फिर भी उनके नाम से एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी महंगी जांचों के बिल पास कर दिए गए। कहीं सामान्य जांच को 'कॉन्ट्रास्ट एमआरआई' दिखाकर अधिक भुगतान लिया गया तो कहीं एक जांच की जगह 5-6 जांचों की रिपोर्ट अपलोड कर क्लेम बढ़ाया गया।

इसके अलावा एसओजी जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। एक मामले में एमआरआई रिपोर्ट की तारीख बदलकर भुगतान लिया गया, जबकि मरीज उस दिन सीकर आया ही नहीं था। दूसरे मामले में मरीज किसी अन्य अस्पताल में भर्ती था, फिर भी उसके नाम से जांच दिखाकर क्लेम उठाया गया। यहां तक कि जिन दिनों डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे, उन दिनों की भी फर्जी पर्चियां बनाई गईं।

  Share on

Related News

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery