Friday, April, 17,2026

अब नीति निर्माण में महिलाओं की होगी अहम भूमिकाः भजनलाल

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम है। इस अधिनियम के माध्यम से आधी आबादी अब निर्णय लेने की मुख्य भूमिका भी निभाएगी। इससे महिलाएं योजना एवं बजट निर्माण सहित देश के हर अहम निर्णय में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि बेटियों का दृढ़ आत्मविश्वास ही विकसित भारत के सपने को हकीकत में बदलेगा।

सीएम भजनलाल शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेशभर की छात्राओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब बेटियां आगे बढ़ती हैं तो परिवार, जिला, प्रदेश और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। नेतृत्व में नारी शक्ति की भागीदारी बढ़े, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू किया है। इस अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं और नारी शक्ति वंदन अधिनियम उनके लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा। छात्राएं आत्मनिर्भर बनने के साथ ही समाज और प्रदेश के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं शासन और अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता को सिद्ध कर रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दृढ़ आत्मविश्वास के जरिए पूरे देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रदेश की वित्त मंत्री दीया कुमारी के कार्यों को महिला शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार महिलाओं की सुरक्षा और समृद्धि के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' जैसी योजना के माध्यम से बालिका लिंगानुपात में वृद्धि हुई है। उज्ज्वला, जन-धन और मुद्रा जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की गई है।

महिलाओं के हौसले को किया सलाम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीसी के माध्यम से जुड़ी मेडिकल, इंजीनियरिंग, डेटा साइंस सहित विभिन्न क्षेत्रों की छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभवों और सुझावों को सुना। उन्होंने पचपदरा में केमिकल इंजीनियर श्रेया के चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र के चयन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में डेटा साइंस की छात्रा तारुषी ने मुख्यमंत्री को स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता के लिए धन्यवाद दिया। मेयो गर्ल्स कॉलेज की छात्रा नव्या ने कहा कि इस अधिनियम ने महिलाओं को नीति निर्माण में सशक्त भागीदारी का अवसर दिया है।

रोजगार का मार्ग हो रहा प्रशस्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि युवा रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार प्रदाता भी बनें। इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को सरकारी क्षेत्र में 4 लाख और निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार देने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं तथा 1 लाख 25 हजार नई सरकारी नौकरियों की भर्तियों का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में पेपर लीक से युवाओं के सपने टूटे, लेकिन वर्तमान सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए पीएम मोदी का आभार जताया तथा राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। इस दौरान संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे और प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्कूलों व कॉलेजों की छात्राएं वीसी के माध्यम से जुड़ीं।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery