Tuesday, June, 09,2026

नेटबंदी ने रोकी गुलाबी नगरी की रफ्तार, 35% तक घटा कारोबार

जयपुर: राजधानी जयपुर में सोमवार को लागू की गई इंटरनेट बंदी ने यह दिखा दिया कि डिजिटल युग में इंटरनेट सिर्फ संचार का माध्यम नहीं, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था की धड़कन बन चुका है। जगतपुरा क्षेत्र में जेडीए की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने करीब 36 थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं। इसका असर केवल मोबाइल स्क्रीन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, होटल-रेस्टोरेंट, कैब सेवाओं, डिलीवरी प्लेटफॉर्म और आम लोगों की दिनचर्या तक प्रभावित हुई। सरकार बदलने के बाद राजधानी जयपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इंटरनेट बंदी लागू की गई।

हालांकि प्रशासन ने इसे एहतियाती कदम बताया, लेकिन दिनभर आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे बने कि शहर के कई प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और माहौल किसी रविवार या जनता कर्फ्यू जैसा दिखाई दिया। व्यापारिक संगठनों और कारोबारियों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में सोमवार को व्यापार में 30 से 35% तक गिरावट दर्ज की गई। कपड़ा बाजार, ज्वेलरी प्रतिष्ठान, होटल, रेस्टोरेंट, खान-पान केंद्र और छोटे व्यापारियों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि इंटरनेट बंदी की सूचना पहले ही जारी हो चुकी थी, इसलिए लोगों ने खरीदारी के कार्यक्रम टाल दिए।

एयरपोर्ट ने भी जारी की एडवाइजरी

नेटबंदी का असर हवाई यात्रियों पर भी दिखाई दिया। जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने और आवश्यक दस्तावेजों की ऑफलाइन व्यवस्था रखने की सलाह दी। कई यात्रियों को कैब बुक करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट से शहर और शहर से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन तलाशना पड़ा। जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे द्वारा यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की और हवाई अड्डे पर यात्रियों को निःशुल्क वाई-फाई सुविधा लगातार उपलब्ध कराई।

नकदी के बिना नहीं हुई खरीदारी

डिजिटल भुगतान व्यवस्था पर निर्भर शहर में इंटरनेट बंद होने का सबसे बड़ा असर यूपीआई और ऑनलाइन पेमेंट पर पड़ा। कई दुकानों पर ग्राहक सामान चुनने के बाद भुगतान नहीं कर सके और बिना खरीदारी किए लौट गए। ठेला और रेहड़ी संचालकों का कहना है कि कुछ ग्राहकों को उधार में सामान देना पड़ा, जबकि कई लोग भुगतान न कर पाने के कारण वापस चले गए। चाय और नाश्ते की दुकानों पर भी ग्राहकी में 50% से अधिक गिरावट दर्ज की गई।

डिलीवरी बॉय बैठे रहे खाली, नहीं आए ऑर्डर

खाद्य सामग्री, किराना और अन्य उत्पादों की होम डिलीवरी से जुड़े राइडर्स भी दिनभर काम के इंतजार में बैठे रहे। उनका कहना है कि इंटरनेट बंद होने से ऑर्डर ही नहीं मिले, जो राइडर्स सामान्य दिनों में 1000 से 1500 रुपए तक की कमाई कर लेते हैं, वे सोमवार को लगभग खाली रहे। कई डिलीवरी एजेंटों ने बताया कि शहर के कई इलाकों में नेटवर्क न होने से एप काम नहीं कर रहे थे।

शाम होते-होते बहाल हुई सेवाएं

दिनभर लोगों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं निर्धारित समय से पहले बहाल करने का निर्णय लिया। पुलिस आयुक्तालय की रिपोर्ट के आधार पर संभागीय आयुक्त ने टेलीकॉम कंपनियों को सेवाएं पुन शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद शाम तक अधिकांश क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बहाल हो गई।

ड्राइवरों की कमाई पर लगा ताला

नेटबंदी की सबसे बड़ी मार ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े गीग वर्कर्स पर पड़ी। ओला, ऊबर, रेपिडो - और अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़े हजारों चालक पूरे दिन मोबाइल स्क्रीन देखते रहे, लेकिन बुकिंग नहीं आई। भारत टैक्सी के सिटी हेड अभिषेक चारण के अनुसार इंटरनेट बंद होने से प्रत्येक चालक को लगभग 1500 से 2000 रुपए तक का नुकसान हुआ। वहीं रेपिडो के जयपुर सिटी हेड मोहित भट्ट का कहना है कि कंपनी का करीब 60% कारोबार प्रभावित हुआ। ऑटो चालक श्याम सुंदर गोस्वामी ने बताया कि सुबह से शाम तक एक भी ऑनलाइन बुकिंग नहीं मिली। चालक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अब अधिकांश ऑटो चालक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निर्भर है और ऑफलाइन सवारी मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। ऐसे में इंटरनेट बंद होने का मतलब पूरे दिन की कमाई समाप्त होना है।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery